IND vs AUS: टेस्ट के बाद ODI के भी कप्तान बने शुभमन गिल, रोहित शर्मा की लेंगे जगह

शुभमन गिल को एक और बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है। टेस्ट की कप्तानी हासिल करने के बाद अब वह वनडे के भी कप्तान बन गए हैं। वह अब ऑस्ट्रेलिया दौरे में टीम इंडिया की कप्तानी करते नजर आने वाले हैं। जिसमें रोहित शर्मा भी खेलने वाले हैं।

Post Published By: Mrinal Pathak
Updated : 4 October 2025, 2:35 PM IST
google-preferred

Mumbai: भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है, जिसके लिए आज टीम इंडिया का ऐलान होना है। लेकिन इससे पहले एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसमें ये बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा से वनडे की कप्तानी छीन ली गई है। टेस्ट के बाद शुभमन गिल अब वनडे के भी कप्तान बन गए हैं।

श्रेयस अय्यर को भी मिली जिम्मेदारी

रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वनडे सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान नियुक्त किया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली को वनडे टीम में शामिल किया गया है, दोनों को विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है। सूर्यकुमार यादव टी20 टीम के कप्तान बने रहेंगे।

क्यों गई रोहित शर्मा की कप्तानी?

रोहित शर्मा के फैंस के लिए ये हैरानी की बात है कि उनके रहते हुए आखिर क्यों शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई? हालांकि, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है, लेकिन इससे ये समझा जा सकता है कि बीसीसीआई की ये आगे के लिए रणनीति हो सकती है।

रोहित-कोहली की हुई वापसी

खास बात ये है कि एक बार फिर फैंस को रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलते हुए नजर आने वाले हैं। दोनों ही खिलाड़ी अब केवल वनडे में ही खेलेंगे, क्योंकि दोनों ही दिग्गज खिलाड़ियों ने टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। ऐसे में वह दोनों केवल अब वनडे में ही नजर आने वाले हैं।

19 अक्टूबर से शुरू होगी सीरीज

तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज का पहला मैच 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला जाएगा। दूसरा मैच 23 अक्टूबर को एडिलेड में और तीसरा मैच 24 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा।

टी20 टीम का भी हुआ ऐलान

वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जानी वाली टी20 सीरीज के लिए भी टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। जहां एक बार फिर सूर्यकुमार यादव टीम की कप्तानी करते नजर आने वाले हैं। बता दें कि हाल ही में उनकी कप्तानी में भारत ने एशिया कप 2025 जीता है।

भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे का फुल शेड्यूल

  • 19 अक्टूबर: पहला वनडे, पर्थ
  • 23 अक्टूबर: दूसरा वनडे, एडिलेड
  • 25 अक्टूबर: तीसरा वनडे, सिडनी
  • 29 अक्टूबर: पहला T20, कैनबरा
  • 31 अक्टूबर: दूसरा T20, मेलबर्न
  • 2 नवंबर: तीसरा T20, होबार्ट
  • 6 नवंबर: चौथा T20, गोल्ड कोस्ट
  • 8 नवंबर: पांचवां T20, ब्रिस्बेन

भारत की वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जायसवाल।

भारत की टी20 टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उप-कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर.

Location : 
  • Mumbai

Published : 
  • 4 October 2025, 2:35 PM IST