हिंदी
स्पोर्ट्स क्लब में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मैदान पर खिलाड़ियों का जोश, गोल करने की कोशिश और जीत के लिए पूरा दमखम। मुजफ्फरनगर के भोपा रोड स्थित स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
इस प्रतियोगिता में अलग-अलग शहरों से आई टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आयोजकों ने विजेता और उपविजेता टीम के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी रखे हैं।
स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित इस प्रतियोगिता में ऋषिकेश, हरिद्वार, देवबंद, भोपा, शामली, मेरठ, रुड़की और बिजनौर समेत कई क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया। अलग-अलग जगहों से आए खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी मेहनत, फुर्ती और टीम के साथ बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला, वहीं मुकाबलों ने खेल प्रेमियों के बीच भी उत्साह बनाए रखा। ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को दूसरे शहरों की टीमों के साथ खेलने और अपने खेल को बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।
मुजफ्फरनगर में फुटबॉल का महासंग्राम (Img: Dynamite News)
ये भी पढे़ं- मां बनने से पहले ही उजड़ गई खुशियां! प्रसव पीड़ा के बीच महिला की मौत, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
प्रतियोगिता को और दिलचस्प बनाने के लिए आयोजकों की ओर से नकद पुरस्कार की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता में जीतने वाली टीम को 21 हजार रुपये दिए जाएंगे, जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की राशि मिलेगी।
इन पुरस्कारों का उद्देश्य खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला सिर्फ जीत और हार तक सीमित नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और खेल कौशल साबित करने का भी मौका है।
स्पोर्ट्स क्लब के मालिक और टीएसमान ट्रांसपोर्टर सतपाल सिंह मान ने रविवार को मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रतियोगिता के उद्देश्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं के अंदर खेलों को लेकर काफी उत्साह और प्रतिभा है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए सही मंच और सुविधाएं मिलें।
उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अवसरों की कमी के कारण अपनी क्षमता का पूरा प्रदर्शन नहीं कर पाते। स्पोर्ट्स क्लब की कोशिश है कि ऐसे खिलाड़ियों को अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के दम पर पहचान बनाने का अवसर मिले।
ये भी पढे़ं- बस्ती BJP में महिला मोर्चा की कुर्सी पर घमासान! शैल त्रिपाठी ने लगाए जिलाध्यक्ष पर 2 लाख रुपये लेने के आरोप
रविवार को प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल डेजपुल एफसी और टर्मिनेटर एफसी के बीच खेला गया। इस मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला अपनी जगह पक्की करने और आगे बढ़ने का अहम अवसर रहा।
प्रतियोगिता का प्रबंधन मनीष शर्मा संभाल रहे हैं। इस दौरान मंजीत सिंह मान, संदीप सिंह, करण खुराना, आदित्य अरोरा, ब्रजवीर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 19 October 2026, 1:26 PM IST
Topics : Football Competition Football Tournament muzaffarnagar news Sports Club Young Football Players