IPL 2026: धोनी को लेकर आया बड़ा अपडेट, कोच फ्लेमिंग का बयान, IPL खेलने पर बढ़ी अनिश्चितता

महेंद्र सिंह धोनी की IPL 2026 में वापसी को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। पिंडली की चोट अभ्यास के दौरान फिर उभर आई, जिससे उनकी वापसी टल सकती है। कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने जल्दबाजी से बचने की सलाह दी है, जबकि धोनी लगातार फिटनेस पर काम कर रहे हैं।

Updated : 27 April 2026, 8:14 AM IST
google-preferred

New Delhi: महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए  निराश करने वाली खबर सामने आई है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में उनकी वापसी को लेकर अनिश्चितता और बढ़ गई है। चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने हाल ही में बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि धोनी की चोट पहले से ज्यादा जटिल हो गई है।

अभ्यास के दौरान बढ़ी चोट, मामला हुआ गंभीर

रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ चेन्नई की हार के बाद फ्लेमिंग ने मीडिया से बातचीत में खुलासा किया कि 42 वर्षीय धोनी की पिंडली की चोट अभ्यास सत्र के दौरान और बढ़ गई। शुरुआत में इसे मामूली चोट माना जा रहा था, लेकिन अब यह टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बन गई है।

IPL 2026: विराट कोहली ने IPL में 800 चौके लगाकर रचा इतिहास! जानें टॉप-5 बल्लेबाजों की पूरी लिस्ट

अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए धोनी

आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों में वापसी की उम्मीद थी लेकिन धोनी करीब एक महीने से टूर्नामेंट से बाहर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स अब तक अपने आठ मुकाबले खेल चुकी है, लेकिन टीम के पूर्व कप्तान एक बार भी मैदान पर नजर नहीं आए हैं।

फ्लेमिंग बोले- जल्दबाजी से हो सकता है बड़ा नुकसान

फ्लेमिंग ने साफ कहा कि धोनी खेलने के लिए पूरी तरह उत्साहित हैं लेकिन पिंडली की चोट को लेकर सावधानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर धोनी जल्दबाजी में दौड़ते हैं और चोट फिर से उभरती है तो वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं।

कोच के अनुसार वार्म-अप मैच के दौरान ही धोनी की चोट दोबारा उभर आई थी। तब से वह लगातार रिकवरी पर काम कर रहे हैं लेकिन हाल ही में उन्हें एक और झटका लगा है, जिससे उनकी वापसी में देरी हो रही है।

IPL 2026: क्या पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान किशन बने रहेंगे SRH के कप्तान? संजय बांगड़ ने दिया बड़ा बयान

वापसी का फैसला खुद धोनी करेंगे

फ्लेमिंग ने यह भी स्पष्ट किया कि धोनी की वापसी का अंतिम निर्णय खुद खिलाड़ी ही लेंगे। टीम का सपोर्ट स्टाफ और फिजियो उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, लेकिन मैदान पर लौटने का सही समय तय करने का अधिकार धोनी के पास ही रहेगा।

कोच ने कहा कि धोनी लगातार मेहनत कर रहे हैं और अपनी फिटनेस सुधारने की पूरी कोशिश कर रहे हैं इसलिए उनकी स्थिति को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।

अभ्यास में जुटे हैं माही, बढ़ा रहे हैं वर्कलोड

मैच से बाहर रहने के बावजूद धोनी टीम के अभ्यास सत्रों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। उन्हें नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए देखा गया है, जहां वह खासतौर पर थ्रो-डाउन पर ध्यान दे रहे हैं।

हाल के दिनों में उन्होंने धीरे-धीरे अपना अभ्यास बढ़ाया है। शनिवार को उन्हें फिजियो की निगरानी में दौड़ लगाते हुए देखा गया। इसके बाद उन्होंने स्पिन गेंदबाजों का सामना किया और बल्लेबाजी कोच माइकल हसी की गेंदों पर भी अभ्यास किया।

विकेटकीपिंग की भी की तैयारी

पिछले हफ्ते मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से पहले वानखेड़े स्टेडियम में अभ्यास के दौरान धोनी को विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने हुए भी देखा गया था।
यह संकेत था कि वह धीरे-धीरे मैच फिटनेस हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

फैंस को करना होगा इंतजार

धोनी की फिटनेस को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है। ऐसे में उनके फैंस को उनकी वापसी के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है, क्योंकि धोनी की पूरी फिटनेस ही उनकी सुरक्षित वापसी की कुंजी मानी जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  27 April 2026, 8:14 AM IST

Advertisement