
BJP अध्यक्ष से मिले क्रिकेटर मोहम्मद शमी (IMG: X)
New Delhi: भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की एक मुलाकात ने क्रिकेट और सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। रविवार को नई दिल्ली में शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उनके राजनीति में आने और भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक न तो शमी की ओर से और न ही भाजपा की तरफ से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने आई है।
मोहम्मद शमी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच यह मुलाकात रविवार को नई दिल्ली में हुई। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। शमी की इस मुलाकात को उनके संभावित राजनीतिक डेब्यू से जोड़कर देखा जा रहा है।
शमी की भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात से ठीक एक सप्ताह पहले भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भी भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी ने उन्हें अपने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी है। चहल के भाजपा से जुड़ने के बाद अब शमी की राजनीतिक मुलाकात ने खिलाड़ियों के राजनीति में आने की चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
क्रिकेटर मोहम्मद शमी (IMG: X)
ऐसा पहली बार नहीं है जब मोहम्मद शमी की किसी राजनीतिक हस्ती से मुलाकात चर्चा में आई हो। इससे पहले सितंबर में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) प्रमुख जयंत चौधरी के साथ उनकी मुलाकात ने भी राजनीतिक अटकलों को हवा दी थी। उस समय उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले शमी के राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुई थीं।
36 वर्षीय मोहम्मद शमी ने 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 229 विकेट हासिल किए। उनका आखिरी टेस्ट मुकाबला 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल था। शमी ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहते समय साफ किया था कि वह सफेद गेंद के फॉर्मेट में खेलना जारी रखेंगे। यानी वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उन्होंने संन्यास नहीं लिया है।
मोहम्मद शमी आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद अब उनका ध्यान सफेद गेंद के क्रिकेट पर रहने की बात सामने आई थी। इसी बीच भाजपा अध्यक्ष से उनकी मुलाकात ने उनके अगले कदम को लेकर नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं।
Location : New Delhi
Published : 29 November 2026, 6:07 PM IST