हिंदी
वैभव सूर्यवंशी पर मंडराया बैन का खतरा?
New Delhi: 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों अपने खेल के साथ-साथ एक विवाद को लेकर भी चर्चा में हैं। इंडिया ए की तरफ से ट्राई नेशन ए सीरीज में खेल रहे वैभव ने तीन मुकाबलों में 14, 44 और 21 रन की पारियां खेली हैं। हालांकि श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद मैदान पर हुई एक घटना ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस मैच में इंडिया ए को सुपर ओवर में श्रीलंका ए के हाथों 8 रन से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले के बाद वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई टीम के एक खिलाड़ी के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक यह मामला आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.12 के तहत आ सकता है। इस नियम के अनुसार अगर कोई खिलाड़ी जानबूझकर, लापरवाही से या गलती से किसी दूसरे खिलाड़ी या अधिकारी से अनुचित शारीरिक संपर्क करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसमें किसी खिलाड़ी को धक्का देना, टक्कर मारना या कंधा लगाना जैसी घटनाएं शामिल होती हैं।
श्रीलंकाई खिलाड़ियों से भिड़े वैभव सूर्यवंशी, बीच-बचाव करने उतरे सभी खिलाड़ी
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर बैन लगाया जा सकता है। जानकारों के मुताबिक इंडिया ए जैसी सीरीज के मामलों में आईसीसी आमतौर पर सीधे कार्रवाई नहीं करती, क्योंकि ऐसी सीरीज के लिए मैच अधिकारियों की नियुक्ति आईसीसी द्वारा नहीं की जाती। ऐसे में वैभव पर सीधे आईसीसी बैन लगने की संभावना कम मानी जा रही है। हालांकि अगर मामला संबंधित अधिकारियों तक पहुंचता है और गलती साबित होती है तो उन्हें फटकार लग सकती है या जुर्माना लगाया जा सकता है। लेवल-1 की गलती मानी जाने पर खिलाड़ी पर मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
आईसीसी के नियमों के मुताबिक किसी खिलाड़ी पर तुरंत बैन नहीं लगाया जाता। अगर कोई खिलाड़ी 24 महीने यानी दो साल के अंदर चार डिमेरिट अंक हासिल कर लेता है, तब उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हो सकती है। इसलिए वैभव के मामले में फिलहाल सबसे ज्यादा संभावना चेतावनी या जुर्माने की बताई जा रही है।
यह पूरा मामला श्रीलंका ए और इंडिया ए के बीच खेले गए मुकाबले के बाद सामने आया। मैच काफी रोमांचक रहा और फैसला सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां श्रीलंका ए ने बाजी मार ली। हार के बाद मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बहस हुई और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। हालांकि टीम अधिकारियों और आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति को संभाल लिया।
Location : New Delhi
Published : 16 June 2026, 2:04 PM IST