IPL 2026: विराट कोहली ने ट्रेविस हेड से नहीं मिलाया हाथ? इरफान पठान ने बीच मैदान पर हुए विवाद का खोला राज

आईपीएल 2026 में आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच के बाद विराट कोहली द्वारा ट्रेविस हेड से हाथ न मिलाने का विवाद तूल पकड़ रहा है। इस तीखी बहस पर पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर इरफान पठान ने मैच का पूरा आंखों देखा हाल और अपनी राय साझा की है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 23 May 2026, 3:04 PM IST
google-preferred

New Delhi: IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए मुकाबले के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली द्वारा हैदराबाद के तूफानी बल्लेबाज ट्रेविस हेड से मैच खत्म होने के बाद हाथ न मिलाने का मुद्दा लगातार गरमाता जा रहा है। सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट गलियारों तक इस घटना की जमकर चर्चा हो रही है।

इस पूरे घटनाक्रम पर उस दौरान मैच में कमेंट्री कर रहे भारत के पूर्व स्टार तेज गेंदबाज इरफान पठान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। इरफान का मानना है कि मैदान की आक्रामकता खेल का हिस्सा है, लेकिन मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ियों को सब कुछ वहीं छोड़ देना चाहिए था।

उप्पल स्टेडियम में क्या हुआ था? जानिए पूरी इनसाइड स्टोरी

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (उप्पल स्टेडियम) में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। आरसीबी की पारी के दौरान जब कोहली क्रीज पर थे, तब वे बार-बार बाउंड्री या मैदान पर फील्डिंग कर रहे ट्रेविस हेड की तरफ आक्रामक अंदाज में इशारा कर रहे थे।

कोहली लगातार हेड को स्लेज करते हुए कुछ कह रहे थे। मैच खत्म होने के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में हाथ मिला रहे थे, तब कोहली ने हेड से हाथ नहीं मिलाया, जिसके बाद इस विवाद ने और बड़ा रूप अख्तियार कर लिया।

IPL के हर चौके पर लग रहा था करोड़ों का दांव, ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के पीछे कौन था असली खिलाड़ी?

इरफान पठान ने बताया- आखिर हेड से क्या कह रहे थे कोहली?

इस लाइव ड्रामा के दौरान जियोस्टार के शो पर कमेंट्री कर रहे इरफान पठान ने इस मामले की इनसाइड स्टोरी साझा की है। इरफान ने बताया, "हां, मैं उस समय लाइव कमेंट्री बॉक्स में ही मौजूद था और सब कुछ करीब से देख रहा था। विराट कोहली को ठीक उसी तरह के आक्रामक और जुझारू अंदाज में क्रिकेट खेलना पसंद है, जिसके लिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जाने जाते हैं।"

इरफान ने आगे खुलासा करते हुए कहा, "मैच के दौरान कोहली असल में ट्रेविस हेड को उकसाते हुए कह रहे थे कि आओ थोड़ी गेंदबाजी करो, तुम सिर्फ एक इम्पैक्ट प्लेयर नहीं हो। आमतौर पर हेड सनराइजर्स के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ही मैदान पर उतरते हैं, इसी को लेकर कोहली उन्हें चैलेंज कर रहे थे।"

हाथ न मिलाने की हरकत पर पठान ने जताई असहमति

पठान ने मैदान के भीतर की स्लेजिंग को तो सही ठहराया, लेकिन मैच के बाद कोहली के बर्ताव पर थोड़ी असहमति भी जताई। उन्होंने कहा, "मैदान पर जो हुआ वो खेल के रोमांच का हिस्सा है और वह ठीक है। अगर आप पूरी आक्रामकता के साथ खेलना चाहते हो तो बिल्कुल खेलो।

IPL 2026: MS धोनी की विरासत पर लगा बड़ा दाग, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के नाम दर्ज हुए दो कलंकित रिकॉर्ड

लेकिन मैच के बाद जो हाथ न मिलाने वाली हरकत हुई, मैं उस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता, पर मेरा मानना है कि इसे आसानी से नजरअंदाज किया जा सकता था (यानी कोहली को हाथ मिला लेना चाहिए था)।" आपको बता दें कि आरसीबी और एसआरएच दोनों ही टीमों ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसे में क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि प्लेऑफ में जब ये दोनों टीमें दोबारा टकराएंगी, तो कोहली और हेड के बीच की यह जंग और रोमांचक होगी।

Location :  New Delhi

Published :  23 May 2026, 3:04 PM IST

Related News

Advertisement