IPL के हर चौके पर लग रहा था करोड़ों का दांव, ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के पीछे कौन था असली खिलाड़ी?

आईपीएल सट्टेबाजी के ऑनलाइन नेटवर्क पर झांसी पुलिस का बड़ा एक्शन। बैटिंग एप और वेबसाइटों को सर्वर उपलब्ध कराने वाले आरोपी शिवेश चव्हाण को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लैपटॉप और मोबाइल बरामद कर कई लोकल एजेंटों की तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 May 2026, 9:15 PM IST
google-preferred

Jhansi : आईपीएल के हर चौके-छक्के पर करोड़ों का दांव लगवाने वाले ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का झांसी पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। नवाबाद थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में उस शख्स को गिरफ्तार किया गया है। यह बैटिंग एप और वेबसाइटों को सर्वर उपलब्ध कराकर पूरे नेटवर्क को तकनीकी सपोर्ट दे रहा था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी इंदौर निवासी शिवेश चव्हाण है। जिसे ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का अहम खिलाड़ी माना जा रहा है।

सर्वर के जरिए चल रहा था सट्टे का काला खेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी Dbmw99.com और Gorahh247.com जैसे डोमेन के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क ऑपरेट करवा रहा था। आईपीएल मैचों के दौरान इन प्लेटफॉर्म्स पर लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये का सट्टा लगाया जा रहा था। आरोपी तकनीकी रूप से पूरे सिस्टम को संभालता था और अलग-अलग एजेंटों को नेटवर्क से जोड़ने का काम करता था।

होटल के पास दबोचा गया आरोपी

नवाबाद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ा एक बड़ा आरोपी झांसी में मौजूद है। इसके बाद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त घेराबंदी कर इलाहाबाद बैंक चौराहे से झांसी होटल के बीच आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जिनमें कई संदिग्ध डेटा, चैट और संपर्क नंबर मिले हैं।

लखनऊ में बढ़ा बिजली संकट : रात को कटौती के खिलाफ आवाज उठाना पड़ा भारी, 150 पर FIR

पूछताछ में कई नाम आए सामने

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। झांसी समेत आसपास के जिलों में सक्रिय लोकल एजेंटों के नाम भी सामने आए हैं, जो युवाओं को ऑनलाइन सट्टे की लत लगाकर इस नेटवर्क से जोड़ रहे थे। पुलिस अब उन एजेंटों की तलाश में दबिश दे रही है।

और बड़े चेहरों तक पहुंचने की तैयारी

फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अफसर ने बताया कि बरामद मोबाइल और लैपटॉप की डिजिटल जांच कराई जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस जांच के बाद ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े कई बड़े चेहरे भी जल्द बेनकाब हो सकते हैं।

Location :  Jhansi

Published :  22 May 2026, 9:15 PM IST

Advertisement