
इकाना में भारत-वेस्टइंडीज की होगी टक्कर (IMG: Dynamite News)
Lucknow: आठ साल का इंतजार खत्म होने जा रहा है। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में एक बार फिर भारत और वेस्टइंडीज की टीमें आमने-सामने होंगी। छह अक्टूबर को होने वाले सीरीज के पहले टी-20 मुकाबले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि आठ साल पहले इसी मैदान पर जिस टीम इंडिया ने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के दम पर मुकाबला जीता था, इस बार उसका चेहरा काफी बदला हुआ नजर आएगा।
छह नवंबर 2018 को इकाना में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला खेला गया था। यह मैदान का पहला अंतरराष्ट्रीय मैच भी था। तब रोहित शर्मा ने कप्तानी करते हुए 61 गेंदों पर नाबाद 111 रन की तूफानी पारी खेली थी। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को 71 रन से हराया था। अब आठ साल बाद उसी मैदान पर नई पीढ़ी की टीम इंडिया वेस्टइंडीज के सामने होगी।
2018 और 2026 की टीम इंडिया में सबसे बड़ा अंतर बल्लेबाजी के चेहरे और खेलने के अंदाज में दिखाई देता है। उस समय रोहित शर्मा और विराट कोहली भारतीय बल्लेबाजी की धुरी हुआ करते थे। अब टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे आक्रामक बल्लेबाजों पर नजर रहेगी। चयनित टीम में कुलदीप यादव ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जो आठ साल पहले इकाना में खेले गए मुकाबले का हिस्सा भी रहे थे। ऐसे में उनके लिए भी यह मुकाबला पुराने दौर और नई टीम के बीच एक कड़ी की तरह होगा।
टीम में शामिल युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी इस मुकाबले को लेकर चर्चा में हैं। 15 साल की उम्र में भारतीय टीम का हिस्सा बने वैभव पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी। अगर उन्हें अंतिम एकादश में मौका मिलता है तो इकाना में उनके प्रदर्शन पर खास ध्यान रहेगा। इकाना स्टेडियम की करीब 50 हजार दर्शकों की क्षमता को देखते हुए मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबले में आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिल सकती है।
इकाना स्टेडियम भारतीय टीम के लिए अब तक खास रहा है। भारत ने यहां तीन टी-20 मुकाबले खेले हैं और तीनों में जीत दर्ज की है। छह नवंबर 2018 को भारत ने वेस्टइंडीज को 71 रन से हराया था। इसके बाद 22 फरवरी 2022 को श्रीलंका को 62 रन और 29 जनवरी 2023 को न्यूजीलैंड को छह विकेट से मात दी थी। वेस्टइंडीज ने इकाना में अब तक चार टी-20 मुकाबले खेले हैं। इनमें उसे तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वेस्टइंडीज को दो हार अफगानिस्तान और एक हार भारत के खिलाफ मिली है, जबकि एक मुकाबले में उसने अफगानिस्तान को हराया था।
इकाना में हाल ही में भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे मुकाबला खेला गया था। 17 जून 2026 को हुए इस मैच में भारत ने 170 रन से जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल ने 110 गेंदों पर 154 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं ईशान किशन ने 79 गेंदों पर 125 रन बनाए थे। दोनों बल्लेबाजों की शतकीय पारियों ने मुकाबले में रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच छह अक्टूबर को होने वाले टी-20 मुकाबले के लिए टिकट दरें भी जारी कर दी गई हैं। टिकट की शुरुआती कीमत करीब 399-400 रुपये रखी गई है, जबकि सबसे महंगा टिकट 13,500 रुपये का है। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक ऑनलाइन टिकट डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से खरीदे जा सकते हैं। मुकाबले की तारीख नजदीक आने के साथ टिकट की कीमतों में बदलाव हो सकता है, क्योंकि डायनामिक फेयर व्यवस्था लागू की गई है।
जनरल स्टैंड के टिकट करीब 400 रुपये से 1,000 रुपये तक रखे गए हैं। नॉर्थ वीआईपी टैरेस की कीमत 1,099 रुपये और साउथ वीआईपी टैरेस की कीमत 3,499 रुपये है। नॉर्थ लॉन के टिकट 6,400 रुपये, साउथ लॉन के 7,400 रुपये, नॉर्थ कॉरपोरेट बॉक्स के 8,400 रुपये और साउथ कॉरपोरेट बॉक्स के 9,400 रुपये रखे गए हैं। नॉर्थ वीआईपी लाउंज के टिकट 7,400 रुपये और साउथ वीआईपी लाउंज के टिकट 13,500 रुपये तक हैं।
इकाना में पिछले कुछ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के दौरान दर्शकों की संख्या अपेक्षा के मुताबिक नहीं रही थी। इसे देखते हुए इस बार टिकट दरों में कमी की गई है। पहले यहां अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के टिकट करीब 1,000 रुपये से शुरू होकर 25,000 रुपये तक जाते थे। इस बार टिकट की शुरुआती कीमत को काफी कम रखा गया है। आयोजकों को उम्मीद है कि कम टिकट कीमत के चलते 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इकाना स्टेडियम में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक पहुंचेंगे।
Location : Lucknow
Published : 20 September 2026, 11:53 AM IST
Topics : Ekana Stadium India T20 Team India West Indies T20 India vs West Indies Lucknow Cricket Match