
भारतीय महिला टीम (IMG: X)
New Delhi: विमेंस एशिया कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम का सामना बांग्लादेश महिला टीम से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला गुरुवार, 10 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले पर दोनों टीमों की नजरें टिकी हैं, क्योंकि यहां जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। वहीं हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो जाएगा।
भारतीय टीम की ओपनिंग जोड़ी की बात करें तो स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा एक बार फिर पारी की शुरुआत करती नजर आ सकती हैं। दोनों ही बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर टीम को काफी उम्मीदें होंगी। शेफाली बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने एक विकेट भी हासिल किया था। सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की अहम भूमिका हो सकती है।
नंबर-3 पर प्रतीका रावल को एक बार फिर मौका मिलने की संभावना है। हालांकि टूर्नामेंट में अब तक उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक प्रभावी नहीं रहा है, लेकिन सेमीफाइनल का बड़ा मंच उनके लिए खुद को साबित करने का मौका होगा। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि वह शीर्ष क्रम में टिककर बल्लेबाजी करें और मंधाना-शेफाली के बाद पारी को मजबूती दें।
नंबर-4 पर कप्तान हरमनप्रीत कौर के उतरने की उम्मीद है। बड़े मुकाबलों में हरमनप्रीत का अनुभव टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा हथियार हो सकता है। कप्तानी के साथ उनकी जिम्मेदारी मध्यक्रम को संभालने की भी होगी। अगर शुरुआती विकेट जल्दी गिरते हैं तो हरमनप्रीत को पारी संभालनी होगी, जबकि अच्छी शुरुआत मिलने पर वह टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगी।
नंबर-5 पर भारती फुलमाली को मौका मिल सकता है। इसके बाद विकेटकीपर की भूमिका ऋचा घोष संभाल सकती हैं। ऋचा निचले मध्यक्रम में तेजी से रन बनाने के साथ विकेट के पीछे भी टीम को मजबूती देती हैं।
ऑलराउंडर के तौर पर दीप्ति शर्मा टीम के लिए बेहद अहम होंगी। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने की उनकी क्षमता भारत को अतिरिक्त संतुलन देती है। गेंदबाजी विभाग में प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा को मौका मिलने की संभावना है। इन गेंदबाजों पर बांग्लादेश के बल्लेबाजी क्रम को शुरुआती और मध्य ओवरों में रोकने की जिम्मेदारी होगी।
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा।
Location : New Delhi
Published : 9 September 2026, 5:44 PM IST