
स्टेडियम (Img: pexels)
Lucknow: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में क्रिकेट के साथ-साथ भीषण गर्मी भी चर्चा का विषय बनी रही। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग दिखाई दी।
मंगलवार दोपहर 1:30 बजे मुकाबला शुरू हुआ। उस समय लखनऊ का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। तेज धूप और उमस के कारण अधिकांश क्रिकेट प्रेमियों ने स्टेडियम पहुंचने से परहेज किया। मैच शुरू होने के बाद भी स्टेडियम में दर्शकों की संख्या कुल क्षमता के लगभग 10 प्रतिशत के आसपास ही दिखाई दी। हालांकि शाम होते-होते दर्शकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई गई।
भीषण गर्मी के बावजूद करीब 7 हजार दर्शक मैच देखने स्टेडियम पहुंचे। क्रिकेट प्रेमी राहुलऔर अनुराग ने बताया कि वह भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा कि तेज धूप के बावजूद अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को खेलने का मौका नहीं छोड़ सकते। वहीं एपीआई अंसल कॉलोनी से मैच देखने पहुंचीं पूनम, रचना सरन आदि ने कहा कि क्रिकेट के प्रति रुचि उन्हें स्टेडियम तक खींच लाई, लेकिन भविष्य में ऐसे मुकाबलों का कार्यक्रम तय करते समय मौसम का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
गर्मी को देखते हुए मैच अधिकारियों ने खिलाड़ियों की सुविधा के लिए पहली पारी में तीन ड्रिंक्स ब्रेक रखने का फैसला किया। यह ब्रेक दोपहर 2:30 बजे, 3:30 बजे और शाम 4:30 बजे निर्धारित किए गए। अधिकारियों के अनुसार दूसरी पारी में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा होने के कारण अतिरिक्त ड्रिंक्स ब्रेक की आवश्यकता नहीं होगी।
भारत-अफगानिस्तान मुकाबले में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ-साथ लखनऊ की भीषण गर्मी भी चर्चा का केंद्र रही। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि भविष्य में ऐसे बड़े मुकाबलों के कार्यक्रम तय करते समय मौसम की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
Location : Lucknow
Published : 17 June 2026, 7:54 PM IST
Topics : Ekana Stadium India Afghanistan Match India vs Afghanistan ODI Indian cricket news lucknow weather