FIFA World Cup 2026 : आज से फुटबॉल महाकुंभ की शुरुआत, ये दिग्गज सितारे बिखेरेंगे जलवा

फीफा विश्व कप 2026 आज से शुरू हो रहा है। पहली बार तीन मेजबान देशों अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में तीन भव्य उद्घाटन समारोह होंगे। इसमें शकीरा और केटी पेरी के अलावा नोरी फतेही भी परफॉर्मेंस देंगी। आइए जानते हैं पूरे आयोजन के बारे में।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 11 June 2026, 1:46 PM IST

New Delhi : दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल महाकुंभ फीफा विश्व कप 2026 का इंतजार अब खत्म हो गया है। आज यानी 11 जून से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में सिर्फ खिलाड़ियों का दमखम ही नहीं, बल्कि म्यूजिक, संस्कृति और मनोरंजन का भी शानदार कॉम्बो देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि पहली बार तीन देशों - अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की मेजबानी में हो रहे विश्व कप का स्वागत भी तीन अलग-अलग भव्य कार्यक्रम के जरिए किया जाएगा।

मैक्सिको सिटी बनेगा जश्न का पहला मंच

विश्व कप की पहली सीटी बजने से पहले मैक्सिको सिटी लाइट्स, म्यूजिक और खुशियों से डूबा नजर आएगा। मेजबान मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले से पहले होने वाला उद्घाटन समारोह दुनिया भर के दर्शकों को अपनी ओर खींचेगा।

इस शाम को और भी हसीन बनाने के लिए पॉप स्टार शकीरा और अफ्रीकी म्यूजिक इंडस्ट्री के फेमस कलाकार बर्ना बॉय होंगे। दोनों कलाकार विश्व कप के ऑफिशियल गानों की प्रस्तुति देकर माहौल को रोमांच से भर देंगे। उनके साथ कई अन्य नामी कलाकार भी रंगारंग कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

फीफा विश्व कप 2026 में मेसी के सामने इतिहास रचने का मौका, पांच बड़े रिकॉर्ड्स पर टिकी दुनिया की नजर

टोरंटो में संस्कृति और सुरों का संगम

विश्व कप का कारवां जब कनाडा पहुंचेगा, तब टोरंटो एक नए उत्सव का गवाह बनेगा। कनाडा और बोस्निया एंड हर्जिगोविना के मुकाबले से पहले आयोजित होने वाला समारोह देश की सांस्कृतिक विविधता को दुनिया के सामने पेश करेगा।

माइकल बबल, एलेसिया कारा और एलैनिस मोरिससेट जैसे कलाकार अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इंडियन डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही की मौजूदगी भी इस कार्यक्रम को भारतीय दर्शकों के लिए खास बना देगी।

लॉस एंजिलिस में होगा सितारों का धमाका

अमेरिका की बारी आते ही लॉस एंजिलिस का प्लेटफॉर्म ग्लोबल म्यूजिक सितारों से जगमगा उठेगा। अमेरिका और पराग्वे के मुकाबले से पहले होने वाले कार्यक्रम में पॉप क्वीन केटी पेरी मुख्य आकर्षण रहेंगी।

उनके साथ फ्यूचर, लिसा, रेमा, अनिता और टाइला जैसे इंटरनेशनल कलाकार अपनी परफॉर्मेंस से सबका ध्यान खींचेंगे। यह आयोजन खेल और मनोरंजन के सबसे बड़े मेलों में से एक साबित हो सकता है।

फिलिपींस ने फीफा विश्व कप में पहली बार चखा जीत का स्वाद, जानिये किस दिग्गज टीम को हराया

भारतीय दर्शकों के लिए भी खास मौका

भारत में फुटबॉल लवर्स इन तीनों उद्घाटन समारोहों का सीधा मजा टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उठा सकेंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में केवल फुटबॉल ही नहीं, बल्कि संगीत और संस्कृति का भी ग्लोबल सेलिब्रेशन देखने को मिलेगा। विश्व कप 2026 का आगाज इस बार मैदान से पहले मंच पर इतिहास रचने के लिए तैयार है।

Location :  new delhi

Published :  11 June 2026, 1:44 PM IST