एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने रचा इतिहास, कोरिया को हराकर जीता पहला गोल्ड मेडल

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। एशियाई खेलों के इतिहास में भारत ने पहली बार महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 October 2026, 8:14 AM IST

New Delhi: जापान में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। तीरंदाजी (आर्चरी) स्पर्धा में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने इतिहास रचते हुए पावरहाउस दक्षिण कोरिया को 5-3 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम कर लिया है। एशियाई खेलों के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारत ने महिला रिकर्व टीम इवेंट में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है।

यह ऐतिहासिक उपलब्धि अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और महज 17 वर्षीय युवा तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोद की भारतीय तिकड़ी ने हासिल की है। भारतीय वीरांगनाओं ने 10 बार की ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरियाई टीम को हराकर तिरंगा लहराया।

हवाओं के दबाव में सांस रोक देने वाला फाइनल: दो सेट रहे टाई

जापान के ओकाजाकी चूओ सोगो पार्क में तेज हवाओं और कड़े दबाव के बीच यह खिताबी मुकाबला बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव भरा रहा। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहला सेट 54-54 और दूसरा सेट 56-56 के स्कोर पर बराबरी पर छूटा, जिससे स्कोर 2-2 हो गया। दबाव के क्षणों में भारतीय तिकड़ी ने अपना संयम बनाए रखा और सटीक निशाने साधे।

पाकिस्तान ने 6 विकेट से बांग्लादेश को रौंदा: एशियन गेम्स के फाइनल में मारी एंट्री, गोल्ड मेडल पर नजर

तीसरे सेट में दक्षिण कोरियाई टीम का बिखराव

तीसरे सेट में दक्षिण कोरिया की दिग्गज टीम दबाव के आगे लड़खड़ा गई। कोरियाई तीरंदाजों ने लगातार तीन बार 8 अंक के निशाने लगाए, जिसका पूरा फायदा भारतीय टीम ने उठाया। भारत ने इस सेट को 55-52 के अंतर से जीतकर 4-2 की निर्णायक और महत्वपूर्ण बढ़त बना ली। इसके बाद कोरियाई टीम पर मानसिक दबाव पूरी तरह हावी हो गया।

मुक्केबाजी रिंग से बड़ी खबर: एशियन गेम्स में भारतीयों का जलवा; परवीन-अंकुश ने गाड़े झंडे, नरेंदर ने जीता कांस्य पदक

रिव्यू के ड्रामे के बाद पक्का हुआ गोल्ड

चौथे सेट में दक्षिण कोरिया ने 54 अंक बनाए। भारत की ओर से कीर्ति शर्मा के एक शॉट को रिव्यू के बाद 8 से सुधारकर 9 अंक कर दिया गया, जिससे भारत का स्कोर भी 54-54 की बराबरी पर पहुंच गया। सेट टाई रहने से भारत को जरूरी 1 अंक मिल गया और टीम ने 5-3 के कुल स्कोर के साथ गोल्ड मेडल पर मुहर लगा दी। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में चीन को 5-1 से धूल चटाई थी। एशियन गेम्स 2026 में आर्चरी का यह भारत का चौथा गोल्ड मेडल है, जिसके साथ ही देश के कुल गोल्ड मेडल की संख्या 11 पहुंच गई है।

Location :  New Delhi

Published :  2 October 2026, 8:14 AM IST