Moscow: रूस की मशहूर पूर्व टेनिस स्टार अन्ना (एना) कोर्निकोवा 44 साल की उम्र में अपनी चौथी बार मां बनने वाली हैं। तीन बच्चों की मां बन चुकी अन्ना ने बिना शादी के ही अपने साथी और स्पेनिश सुपरस्टार गायक एनरिक इग्लेसियस के साथ इस खुशखबरी को अपने फैंस के साथ साझा किया है। यह खबर उनके चाहने वालों के लिए एक बड़ी खुशी लेकर आई है।
एनरिक इग्लेसियस हैं पार्टनर
अन्ना और एनरिक की मुलाकात 2001 में “Escape” म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के दौरान हुई थी। तब से दोनों साथ हैं और मियामी में रहते हैं। हाल ही में इस जोड़े ने बे पॉइंट क्षेत्र में 6.5 मिलियन डॉलर का भव्य घर खरीदा है।
तीन बच्चों की पहले से हैं मां
अन्ना और एनरिक पहले से ही तीन बच्चों के माता-पिता हैं। उनके जुड़वां बच्चे लूसी और निकोलस, जो अब 7 साल के हो चुके हैं, और उनकी छोटी बेटी मैरी, जिसकी उम्र 5 साल है। हाल ही में अन्ना को मियामी में बच्चों को मार्शल आर्ट क्लास ले जाते हुए देखा गया, जिससे पता चलता है कि वह अब भी सक्रिय और फिट हैं।
क्यों नहीं की अब तक शादी?
अन्ना और एनरिक की शादी को लेकर स्थिति अब भी साफ नहीं है। एनरिक कई बार उन्हें अपनी पत्नी कह चुके हैं, लेकिन दोनों ने कभी शादी की पुष्टि नहीं की। एनरिक का मानना है कि अच्छे माता-पिता बनना शादी से ज्यादा जरूरी है।
स्वास्थ्य को लेकर थी चिंता
कुछ महीने पहले अन्ना को व्हीलचेयर में और सुरक्षात्मक बूट पहनकर देखा गया था, जिससे उनके स्वास्थ्य को लेकर कई अटकलें लगाई गईं। लेकिन अब स्पेनिश पत्रिका Hola ने दावा किया है कि अन्ना गर्भावस्था के मध्य चरण में हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस खबर से उनके चाहने वालों को राहत मिली है।
टेनिस कोर्ट की चमकदार करियर
अन्ना कोर्निकोवा ने केवल 14 साल की उम्र में पेशेवर टेनिस की दुनिया में कदम रखा था। हालांकि उन्होंने कभी एकल ग्रैंड स्लैम नहीं जीता, लेकिन 1999 और 2002 में मार्टिना हिंगिस के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन का युगल खिताब जीतकर सुर्खियां बटोरीं। उनका पावरफुल खेल और आकर्षक व्यक्तित्व उन्हें लगातार मीडिया की नजर में बनाए रखता था।
चोटों के कारण छोटा रहा करियर
1997 से 2001 के बीच अन्ना को कई गंभीर चोटों का सामना करना पड़ा। स्ट्रेस फ्रैक्चर और अन्य चोटों के चलते उन्हें समय-समय पर खेल से दूर रहना पड़ा। आखिरकार, 2003 में महज़ 21 साल की उम्र में उन्होंने टेनिस से संन्यास ले लिया।