
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img- Internet)
Jaipur: राजस्थान में स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए अनोखी पहल शुरू हुई है। अब टीचर्स के साथ-साथ जज भी बच्चों को पढ़ाएंगे। 7 अप्रैल से शुरू होने वाले ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत 1400 चयनित जज 1400 स्कूलों में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और कानूनी जागरूकता पर जानकारी देंगे।
इस अभियान में विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर जागरूक किया जाएगा। यह सत्र बच्चों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने और अपने अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव हरिओम अत्री ने बताया कि यह पहल राजस्थान हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की पहल पर शुरू की गई है। इसका शुभारंभ 20 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में आयोजित राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआ था।
राजस्थान में डिजिटल अरेस्ट का बड़ा जाल, बुजुर्ग महिला से 80 लाख की ठगी; हाईकोर्ट सख्त
अभियान के तहत कक्षा 8 से 12 के विद्यार्थियों के लिए कॉमन सेशन आयोजित होंगे। प्रत्येक मंगलवार को अलग-अलग विषयों पर सत्र होंगे। अभियान का लक्ष्य एक ही दिन में 4 लाख से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच बनाना है और पूरे साल यह जारी रहेगा।
साइबर सुरक्षा के अलावा अभियान के सत्रों में दैनिक जीवन से जुड़े कानून, संवैधानिक अधिकार, बाल अधिकार, महिला अधिकार और जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों पर भी जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
अभियान के तहत जज स्कूलों में ‘कोर्ट वाली दीदी शिकायत पेटी’ भी लेकर जाएंगे। यह पेटी पूरे दिन स्कूल परिसर में रखी जाएगी, जिसमें छात्र अपनी समस्याएं लिखकर डाल सकेंगे। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम इन शिकायतों पर कार्रवाई कर समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
Location : Jaipur
Published : 7 April 2026, 10:52 AM IST