हिंदी
Representational Image
चंडीगढ़ में पिछले कुछ महीनों से स्कूलों, अदालतों और सरकारी संस्थानों को लगातार बम धमाकों की धमकियां मिल रही थीं। इन धमकी भरे ई-मेल्स ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी थी।
हर बार धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को जांच अभियान चलाना पड़ता था। हालांकि जांच में अब तक कोई विस्फोटक नहीं मिला, लेकिन लगातार आ रहे ई-मेल्स ने पूरे शहर में दहशत का माहौल बना दिया था।
अब इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, गुजरात से एक युवक को हिरासत में लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुजरात पुलिस ने हाल ही में सौरभ बिस्वास नाम के युवक को एक समान मामले में पकड़ा था। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने भी अपनी जांच तेज कर दी। जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए हैक किए गए ई-मेल अकाउंट बेचता था। ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि चंडीगढ़ में भेजे गए धमकी भरे ई-मेल भी इन्हीं अकाउंट्स के जरिए भेजे गए हों।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या हिरासत में लिया गया युवक किसी बड़े साइबर नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसियां ई-मेल ट्रेल, डिजिटल डाटा और ऑनलाइन गतिविधियों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कई तकनीकी जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस जल्द बड़ा खुलासा कर सकती है। फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस पूरे मामले का पर्दाफाश हो सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों ने शहर के संवेदनशील इलाकों और संस्थानों में निगरानी भी बढ़ा दी है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
Location : Chandigarh
Published : 8 May 2026, 4:19 PM IST
Topics : bomb threat Gujarat mastermind Police Action Punjab