मानसा में दर्दनाक हादसा: रैली से लौट रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं की गाड़ी के उड़े परखच्चे, एक कार्यकर्ता की मौत

Mansa BJP News: पंजाब के मानसा में नशा मुक्त रैली से लौट रहे बीजेपी नेताओं की कार का भीषण एक्सीडेंट। 1 कार्यकर्ता की मौत, 5 गंभीर। डीएमसी और बठिंडा एम्स में इलाज जारी। बांसुरी स्वराज की आगामी रैलियां रद्द।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 September 2026, 3:49 PM IST

Mansa: पंजाब के मानसा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में मातम पसार दिया है। झुनीर में आयोजित 'नशा मुक्त रैली' में हिस्सा लेकर लौट रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं और कार्यकर्ताओं की तेज रफ्तार कार नेशनल हाईवे पर गांव कोट धरमु के पास एक भारी ट्राले से टकरा गई।

यह टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस खौफनाक दुर्घटना में 23 वर्षीय युवा भाजपा कार्यकर्ता अर्शदीप सिंह उर्फ जशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

भाजपा नेता की हालत नाज़ुक, एम्स और डीएमसी किए गए रेफर

हादसे के वक्त कार में कुल 6 लोग सवार थे। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की नाज़ुक हालत को देखते हुए जिला उपाध्यक्ष विनोद काली को लुधियाना के डीएमसी (DMC) अस्पताल रेफर किया गया है।

पंजाब में सियासी हंगामा: सीएम भगवंत मान के काफिले पर टमाटर-अंडे फेंकने की कोशिश, रवनीत बिट्टू हिरासत में

वहीं सुनील कुमार, भीम, मोहित सिंगला और नवदीप सिंह को बठिंडा एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। इस घटना में सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मृतक अर्शदीप और घायल नवदीप दोनों सगे भाई हैं, जो गांव रामदिते वाला के रहने वाले हैं।

बांसुरी स्वराज की रैलियों पर लगा ब्रेक

इस भीषण दुर्घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बीजेपी ने मानसा और बोहा में आयोजित होने वाली आगामी सभी 'नशा मुक्त रैलियों' को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।

Punjab Politics: ‘पंजाब की चिंता है तो गुजरात से आने वाला नशा रोको’, BJP के हमले पर केजरीवाल का तीखा प्रहार

बताया जा रहा है कि इन रैलियों को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी और दिल्ली से भाजपा नेता बांसुरी स्वराज मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करने वाली थीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Location :  Mansa

Published :  23 September 2026, 3:49 PM IST