
जगराओं-रायकोट रोड पर अनियंत्रित होकर छप्पड़ में गिरी गाड़ी (Img- X)
Ludhiana: पंजाब के लुधियाना जिले में गुरुवार देर रात एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया है, जहां जगराओं-रायकोट मार्ग पर गांव बस्सियां के पास एक अनियंत्रित कार सीधे पानी से भरे गहरे छप्पड़ (तालाब) में जा गिरी।
नकोदर में एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की कार जब हादसे का शिकार हुई, तब रात का करीब 1:15 बज रहा था। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार AAP के तीन कार्यकर्ताओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में बचा लिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक, तेज रफ्तार कार की पहले एक बस से टक्कर हुई, जिसके बाद चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। कार इतनी तेजी से सड़क किनारे बने छप्पड़ में समाई कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने या संभलने का मौका तक नहीं मिला।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद पुलिस की मदद से कार और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में जान गंवाने वाले बलकार सिंह, विशाल और संदीप आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता थे। वे पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबी साथी बताए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद बस्सियां गांव के लोगों में स्थानीय प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रायकोट-जगरांव रोड का यह खतरनाक मोड़ पहले भी कई जानलेवा हादसों का गवाह बन चुका है।
सुरक्षा दीवारों (क्रैश बैरियर), पर्याप्त लाइटों और चेतावनी संकेतों की कमी को लेकर बार-बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का दावा है कि अगर समय रहते तालाब के किनारे मजबूत सुरक्षा घेरा बनाया गया होता, तो आज तीन जिंदगियां न छिनतीं।
पंजाबी रीति-रिवाज से एक हुए रमनदीप सिंह और चार्ली चौहान, सोशल मीडिया पर वायरल हुईं वेडिंग फोटोज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल जगरांव में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना ने तीन परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
Location : Ludhiana
Published : 13 August 2026, 10:58 AM IST