जालंधर मर्डर केस: चश्मदीद का खौफनाक खुलासा- ‘गुल्लू ने पिस्तौल निकाली और ठोक दी गोली’, जानिए VIP दौरे से पहले कैसे फेल हुआ सिस्टम

जालंधर में भटूरे के विवाद में दो गुटों के बीच सरेआम फायरिंग। इलेक्ट्रीशियन सिमरनजीत की मौत, दूसरा गंभीर। CM भगवंत मान के दौरे से ठीक पहले एक ही दिन में दो बार चलीं गोलियां। 2 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 July 2026, 10:58 AM IST

Jalandhar: पंजाब के जालंधर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के न्यू दशमेश नगर इलाके में शुक्रवार रात मामूली विवाद के बाद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक इलेक्ट्रीशियन सिमरनजीत सिंह की दर्दनाक मौत हो गई।

जबकि सौरव नाम का युवक पेट में गोली लगने से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। वीआईपी दौरे से ठीक पहले हुई इस गैंगवार जैसी वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

भटूरे की प्लेट से शुरू हुआ था मौत का खेल

इस खूनी वारदात की शुरुआत महज एक प्लेट भटूरे के विवाद से हुई थी। घटना के चश्मदीद राजवीर ने बताया कि एक दिन पहले वह और मृतक सिमरनजीत भटूरे खाने गए थे। वहाँ सौरव और उसके साथियों के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि सौरव की गैंग ने सिमरनजीत पर जानलेवा हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस में शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे हमलावरों के हौसले बुलंद हो गए।

ये भी पढ़ें: पंजाब में खूनी लव स्टोरी: जिसे चुना हमसफर…वो ही बना कसाई, इस वारदात को सुन कांप जाएगी आपकी रूह

अस्पताल जाते वक्त रास्ते में घेरकर चलाईं गोलियां

शुक्रवार रात कहानी में उस वक्त खूनी मोड़ आया जब राजवीर, सिमरनजीत, ललित उर्फ गुल्लू और पप्पू अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर पट्टी करवाने और मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) लेने सिविल अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में न्यू दशमेश नगर के पास उन्हें सौरव दिखाई दे गया।

आरोप है कि बाइक रोकते ही गुल्लू ने पिस्तौल निकाली और सौरव पर फायर झोंक दिया। सौरव गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन इसी अफरा-तफरी में एक गोली सीधे सिमरनजीत के गले को पार कर गई। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने सिमरनजीत को मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, 2 आरोपी दबोचे

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर 3 से 4 विशेष जांच टीमों (SIT) का गठन किया गया है। एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव ने बताया कि 8 से 9 युवक बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए थे।

ये भी पढ़ें: पंजाब में सियासी घमासान के बीच बेंगलुरु पहुंचे सीएम भगवंत मान, डिटॉक्स कार्यक्रम में होंगे शामिल; जानें क्या है उनका अगला प्लान

पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल गाड़ियाँ जब्त कर ली हैं। फरार गुल्लू और पप्पू की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।

CM भगवंत मान के दौरे से पहले कानून-व्यवस्था ध्वस्त?

जालंधर में शुक्रवार का दिन गोलियों की गूंज से सहमा रहा। न्यू दशमेश नगर की वारदात से ठीक कुछ घंटे पहले किशनपुरा चौक पर स्थित 'बीएमएस फैशन स्टोर' पर भी बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग की थी और व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान और 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल के प्रस्तावित दौरे से महज 24 घंटे पहले एक ही दिन में दो बड़ी फायरिंग और एक कत्ल ने पंजाब पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं।

Location :  Jalandhar

Published :  13 July 2026, 10:58 AM IST