पटना कोचिंग विवाद में ‘Khan Sir’ को बड़ी राहत, सिविल कोर्ट ने मंजूर की अग्रिम जमानत अर्जी

खान सर को पटना के मुसल्लहपुर कोचिंग विवाद और गोलीबारी मामले में 'खान ग्लोबल स्टडीज' के डायरेक्टर 'खान सर' की अग्रिम जमानत अर्जी पटना सिविल कोर्ट ने मंजूर कर ली है। कोर्ट ने उनके तीन कर्मचारियों को भी अग्रिम जमानत और जेल में बंद दो सुरक्षा गार्डों को नियमित जमानत दे दी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 July 2026, 11:45 AM IST
google-preferred

Patna: 'खान ग्लोबल स्टडीज' के डायरेक्टर और 'Khan Sir' के नाम से मशहूर फैसल खान को पटना के बड़े कोचिंग संस्थानों से जुड़े एक विवाद में बड़ी कानूनी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की अर्जी मंजूर कर ली है, जिससे उन्हें गिरफ्तारी से सुरक्षा मिल गई है। कोर्ट का यह आदेश चल रही कानूनी कार्यवाही के बीच खान सर के लिए बहुत अहम राहत है।

तीन कर्मचारियों और दो गार्डों को राहत

खान सर के अलावा, कोर्ट ने उनके संस्थान से जुड़े तीन अन्य कर्मचारियों को भी अग्रिम जमानत दे दी। वहीं, दो सुरक्षा गार्डों प्रदीप कुमार और तलेबार सिंह को नियमित जमानत मिल गई, जिन्हें इस मामले में जेल में रखा गया था। दोनों गार्ड लंबे समय से बेउर जेल में बंद थे और अब उन्हें राहत मिल गई है।

ये भी पढ़ें - Khan Sir Controversy: फायरिंग विवाद के बीच खान सर पर नया संकट, पूर्व पार्टनर का आरोप- धोखाधड़ी और धमकी से छीनी कोचिंग

2 जून की घटना के बाद मामला दर्ज

यह पूरा मामला पटना के मुसल्लहपुर इलाके में 2 जून की रात हुई मारपीट और कथित गोलीबारी की घटना से जुड़ा है। घटना के बाद दर्ज FIR में कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। गिरफ्तारी के डर से खान सर और अन्य आरोपियों ने अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था और अब अर्जियों को मंजूर करते हुए फैसला सुना दिया है।

वीडियो सामने आने के बाद बढ़ीं मुश्किलें

शुरुआती FIR में खान सर का नाम शामिल नहीं था। हालांकि, जांच के दौरान एक वीडियो सामने आने के बाद उनका नाम मामले में जोड़ा गया। उन पर अपने सुरक्षा गार्डों द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में शामिल होने का आरोप था। पुलिस जांच के दौरान गार्डों के हथियारों को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।

ये भी पढ़ें - Khan Sir Controversy: कोर्ट ने मांगी केस डायरी, 20 जून को होगी अगली सुनवाई; रौशन आनंद ने की CBI जांच की मांग

'ज्ञान बिंदु' के डायरेक्टर पर भी कार्रवाई

इससे पहले इस मामले में 'ज्ञान बिंदु' कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था; बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। अब, खान सर और उनके सहयोगियों को भी कोर्ट से राहत मिलने के बाद, कोचिंग से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल विवाद की कानूनी स्थिति बदलती हुई दिख रही है। मामले की जांच अभी भी जारी है।

Location :  Patna

Published :  13 July 2026, 11:45 AM IST

Advertisement