हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- AI)
Noida: नोएडा-ग्रेटर नोएडा शहर में खुले गड्ढे और बिना सुरक्षा इंतजाम वाले नाले लोगों की जान के दुश्मन बनते जा रहे हैं। वर्ष 2026 के पहले सात महीनों में ऐसे ही हादसों में दो इंजीनियरों और एक छात्र की मौत हो चुकी है। हर घटना के बाद जिम्मेदार विभागों पर लापरवाही के आरोप लगे, जांच के आदेश भी दिए गए, लेकिन अब तक किसी अधिकारी पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार हो रहे हादसों ने नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
इन तीनों घटनाओं में एक बात समान रही कि जहां हादसा हुआ, वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर निर्माण स्थलों पर समय रहते बैरिकेडिंग कर दी जाती, जलभराव वाले गड्ढों को सुरक्षित किया जाता और हादसे के बाद तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया जाता, तो शायद तीनों लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इसके बावजूद किसी भी मामले में स्पष्ट जवाबदेही तय नहीं हो सकी।
आठ अप्रैल को सेक्टर-94 में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एमिटी विश्वविद्यालय के छात्र हर्षित भट्ट की मौत हो गई थी। घटना के बाद नोएडा प्राधिकरण ने यूपी राजकीय निर्माण निगम से केवल स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी किसी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों और लोगों ने इस मामले में कई बार जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
नौ जुलाई को सेक्टर-58 में इंजीनियर आर्यन प्रजापति की नाले में गिरकर मौत हो गई। इस मामले में भी प्राधिकरण और बिजली विभाग अपनी लापरवाही से इनकार करते रहे। हालांकि सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आर्यन को गिरने से पहले करंट जैसा झटका लगने की आशंका दिखाई दी। इसके बावजूद जांच अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची और किसी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
इससे पहले 16 जनवरी 2026 को सेक्टर-150 में निर्माणाधीन बेसमेंट के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत हो गई थी। मामले ने पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थीं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई और तत्कालीन नोएडा सीईओ को भी हटाया गया, लेकिन करीब छह महीने बाद भी एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई। न ही किसी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई।
यह भी पढ़ें-सरकारी नौकरी के नाम पर बड़ा खेल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से कैसे हो रही थी नकल? STF ने तोड़ा पूरा नेटवर्क
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद शहर के लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। लोगों का मानना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाएंगे, तब तक ऐसे हादसे रुकने वाले नहीं हैं।
Location : Noida
Published : 13 July 2026, 11:14 AM IST