Haryana Crime: बातचीत के दौरान कहासुनी, फिर की मैनेजर की बेरहमी से हत्या; जानें पूरा मामला

हांसी-दिल्ली रोड पर शनिवार रात जाकी शोरूम के 25 वर्षीय मैनेजर सूरज जैन की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात के बाद काली स्कार्पियो में फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 31 May 2026, 10:18 AM IST
google-preferred

Hansi: हरियाणा के हांसी-दिल्ली रोड स्थित NH-10 मार्केट में शनिवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक जाने-माने जाकी शोरूम के मैनेजर की अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके पर खड़ी एक काली स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर तेजी से फरार हो गए। बाजार के बीचों-बीच हुई इस घटना से कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय सूरज जैन के रूप में हुई है, जो हिसार के सेक्टर-13 का रहने वाला था। सूरज अपने दो भाइयों में बड़ा था और पिछले करीब दो साल से हांसी स्थित इस शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह बेहद मिलनसार और मेहनती युवक था, जो हर रोज हिसार से हांसी अपनी नौकरी के लिए अप-डाउन (आना-जाना) करता था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बातचीत के बहाने बुलाया और कर दिया हमला

चश्मदीदों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। शोरूम बंद होने का समय था, तभी तीन से चार युवक शोरूम के बाहर पहुंचे। उन्होंने किसी बातचीत के बहाने मैनेजर सूरज को दुकान से बाहर बुलाया। बाहर आते ही युवकों और सूरज के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उनके बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान एक युवक ने अपने पास छिपाकर रखा तेजधार चाकू निकाला और सूरज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में 1265 क्लर्क भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ा मौका, जानिए पूरी प्रक्रिया

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

चाकू लगने से सूरज लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर जब तक आसपास के दुकानदार और लोग मदद के लिए दौड़े, तब तक हमलावर अपनी काली स्कार्पियो में बैठकर रफूचक्कर हो चुके थे। स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल सूरज को संभाला और नागरिक अस्पताल हांसी पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी खून बह चुका था और अस्पताल लाते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हरियाणा में अफसरों के तबादलों का राउंड 2: दो दिनों में दूसरा बड़ा फेरबदल, 21 अधिकारियों के ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट

पुलिस तफ्तीश और सीसीटीवी फुटेज की जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सदानंद अपनी पुलिस टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ तुरंत मौके पर और फिर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है, जिसका रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। घटनास्थल और उसके आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि काली स्कार्पियो का नंबर और आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Location :  Hansi

Published :  31 May 2026, 10:18 AM IST

Advertisement