
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्कूल से घर लौट रही एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा को गांव के ही एक परिचित युवक ने अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। आरोपी युवक ने पहले तो छात्रा को घर छोड़ने के बहाने जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और फिर सुनसान रास्ते पर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
आरोपी की नीयत और गंदी हरकतों से बुरी तरह घबराई मासूम छात्रा ने अपनी जान और आबरू बचाने के लिए बिना सोचे-समझे चलती बाइक से सड़क पर छलांग लगा दी।
चलती बाइक से कूदने के कारण 13 वर्षीय छात्रा सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से बाइक भगाकर फरार हो गया। वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जब खून से लथपथ छात्रा को देखा तो तुरंत उसे उठाया।
गुरुग्राम की महिला बाइकर शिवानी का दावा, “कार सवारों ने पहले पीछा किया, फिर बाइक को मारी टक्कर”
ग्रामीणों की मदद से पीड़िता को एक ऑटो-टेंपो में बैठाकर उसके गांव पहुंचाया गया। घर पहुंचने और प्राथमिक इलाज मिलने के बाद सहमी हुई मासूम ने परिजनों के सामने आरोपी की पूरी करतूत का खुलासा किया, जिसे सुनकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता की मां तुरंत सोहना सिटी थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
सोहना सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और छापेमारी शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय आरोपी युवक को इंद्री मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बेटियों के लिए राह चलते सुरक्षित रहना कितना मुश्किल होता जा रहा है। गांव के ही जान-पहचान वाले युवक द्वारा इस तरह की घिनौनी वारदात को अंजाम देने से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है।
गुरुग्राम निर्माण साइट पर हादसे के बाद बवाल; पुलिस और मजूदर आमने-सामने
परिजनों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि मनचलों में कानून का खौफ पैदा हो सके और बेटियां बेखौफ होकर स्कूल-कॉलेज आ-जा सकें।
Location : Gurugram
Published : 2 October 2026, 9:17 AM IST
Topics : crime news Gurugram News Haryana News