Haryana Crime: मेरठ निवासी मुकेश कुमार ने फरीदाबाद में बेटी की हिफाजत की चुकाई भारी कीमत

फरीदाबाद के सारन गांव में बेटी को परेशान करने वाले युवक करण को समझाना पिता मुकेश कुमार पर भारी पड़ गया। आरोपी ने बातचीत के बहाने ले जाकर उनकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 10:24 AM IST

Faridabad: हरियाणा के औद्योगिक शहर फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता को अपनी बेटी की सुरक्षा के लिए आवाज उठाना और उसकी जिंदगी बर्बाद कर रहे मनचले को समझाना इतना भारी पड़ गया कि उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। आरोपी युवक गलती मानने और बातचीत करने के बहाने पिता को अपने साथ ले गया और सुनसान जगह पर ले जाकर उनकी गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।

कंपनी से शुरू हुआ था उत्पीड़न का सिलसिला

यह पूरा मामला Frontier कॉलोनी और ठाकुर मोहल्ला के इर्द-गिर्द घूमता है। मृतक मुकेश कुमार (50) की 19 वर्षीय बड़ी बेटी एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। इसी कंपनी में चाचा चौक निवासी करण नाम का युवक भी काम करता था। करण पिछले काफी समय से मुकेश की बेटी को फोन पर जबरन बात करने के लिए मजबूर करता था और उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहा था।

नौकरी छोड़ने के बाद भी उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं और वह लड़की के ड्यूटी आते-जाते समय गली में उसका पीछा करने लगा। दो दिन पहले जब वह कॉलोनी में संदिग्ध रूप से घूम रहा था, तो स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर उसकी जमकर धुनाई भी की थी।

बातचीत के बहाने ले गया और रास्ते से हटा दिया

स्थानीय पिटाई और बदनामी से बौखलाए आरोपी करण ने लड़की के पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची। करण ठाकुर मोहल्ला स्थित मुकेश के घर पहुंचा। उसने मुकेश कुमार से कहा कि वह अपनी गलती मानना चाहता है और इस विषय पर शांति से बात करना चाहता है।

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार सड़क हादसे में घायल! काफिले में घुसी कार

सीधे और सरल स्वभाव के मुकेश उसकी बातों में आ गए और उसके साथ चले गए। जब देर रात तक मुकेश घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी सुनीता देवी ने अपने भतीजे रवि कुमार को फोन कर इसकी जानकारी दी। परिजनों ने जब करण के घर जाकर सख्ती से पूछताछ की, तो वह टालमटोल करने लगा, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

नंगला गुजरान रोड के जंगल में मिला शव

परिजनों और पुलिस की तलाश के दौरान एक राहगीर ने सूचना दी कि नंगला गुजरान रोड पर सड़क किनारे बूस्टर के पास एक व्यक्ति बेधड़क और बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। जब भतीजा रवि और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह मुकेश कुमार थे और उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही सारन थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम (फोरेंसिक) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी करण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

नहीं हुई है शादी तो चले जाओ हरियाणा, भाजपा की ये महिला विधायक करवाएगी खूबसूरत लड़की से शादी

परिजनों का बयान

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले मुकेश कुमार पिछले 35-40 सालों से फरीदाबाद में किराए के मकान में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनके परिवार में तीन बच्चे (19 और 16 साल की दो बेटियां और 14 साल का एक बेटा) हैं। मुकेश बेहद सीधे इंसान थे और घर के सभी मांगलिक कार्यों का जिम्मा संभालते थे। परिजनों ने रोते हुए बताया कि वह अपनी बड़ी बेटी की दिसंबर में शादी करने की तैयारियां कर रहे थे।

कुछ समय पहले ही एक पारिवारिक शादी में उन्होंने हंसते हुए कहा था कि 'अब यह मेरी आखिरी शादी (शामिल होने वाली) है', किसे पता था कि उनकी यह बात इस खौफनाक तरीके से सच साबित होगी। फिलहाल जांच अधिकारी कर्मवीर के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Faridabad

Published :  16 May 2026, 10:24 AM IST