कनाडा भेजने के लिए पति ने पानी की तरह बहाए 65 लाख रुपये, लेकिन सच जानकर पैरों तले खिसक गई जमीन

विदेश भेजने के सपने ने एक युवक की जिंदगी में भूचाल ला दिया है। पत्नी को कनाडा भेजने के लिए उसने अपनी गाढ़ी कमाई से लाखों रुपये खर्च कर दिए, लेकिन विदेश की धरती पर कदम रखते ही उस शख्स के तेवर पूरी तरह बदल गए। इसके बाद जब एक पुराना राज सामने आया, तो पीड़ित पति के पैरों तले जमीन खिसक गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 September 2026, 11:46 AM IST

Haryana: विदेश जाने की चाहत में एक युवक को ऐसा धोखा मिला कि उसके अरमानों के साथ-साथ उसकी गाढ़ी कमाई भी लुट गई। हरियाणा के सिरसा से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने पति से पहली शादी की बात छिपाकर न सिर्फ दूसरी शादी की, बल्कि उसे कनाडा भेजने के नाम पर करीब 65 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आईलेट्स की तैयारी के दौरान हुई थी मुलाकात

यह पूरा मामला वर्ष 2021 का है। शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चंडीगढ़िया मोहल्ला निवासी विनय सिरसा में आईलेट्स की कोचिंग ले रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात ख्योवाली गांव की रहने वाली भूमिका से हुई। दोनों ही विदेश जाने के सपने देख रहे थे। बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा तो भूमिका ने विनय के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। दोनों परिवारों की रजामंदी से 19 अगस्त 2021 को दोनों ने सात फेरे ले लिए। इस शादी का पूरा खर्च विनय और उसके माता-पिता ने उठाया था।

पानी उतरा तो सामने आया कड़वा सच: नेपाल में 3 फीट गाद के नीचे दबी जिंदगी, अब भुखमरी का मंडराया बड़ा खतरा

कनाडा भेजने का झांसा और 65 लाख का खर्च

शादी के कुछ ही महीनों बाद, दिसंबर 2021 में भूमिका ने आईलेट्स की परीक्षा पास कर ली। इसके बाद भूमिका के माता-पिता, वीरेंद्र और रीना ने विनय के परिवार को यह भरोसा दिलाया कि वे पहले भूमिका को कनाडा भेज दें, और वहां पहुंचने के बाद वह विनय को भी स्पाउस वीजा पर अपने पास बुला लेगी।

इस भरोसे में आकर विनय के परिवार ने भूमिका की पढ़ाई, वीजा और अन्य तैयारियों में पानी की तरह पैसा बहाया। विनय के अनुसार, वर्ष 2021 से 2023 के बीच उसने 15 लाख रुपये नकद और अन्य खर्चों को मिलाकर कुल 65 लाख रुपये खर्च किए। आखिरकार, 25 दिसंबर 2023 को भूमिका कनाडा के लिए रवाना हो गई।

देवरिया में Cy-Vazra ऑपरेशन की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़; 4 गिरफ्तार

ऐसे खुला पहली शादी का काला राज

कनाडा पहुंचने के बाद भूमिका के तेवर पूरी तरह बदल गए। उसने विनय को अपने पास बुलाने से साफ इनकार कर दिया और दूरी बनानी शुरू कर दी। शक होने पर जब विनय ने अपने स्तर पर छानबीन की, तो जनवरी 2026 में उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

विनय को पता चला कि भूमिका ने उससे शादी करने से पहले ही, 8 अगस्त 2020 को हिसार के रहने वाले मोहित मदान से पहली शादी की थी। हैरानी की बात यह थी कि बिना किसी कानूनी तलाक के, भूमिका ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर विनय के साथ दूसरी शादी की थी और यह पूरा षड्यंत्र सिर्फ विदेश जाने के नाम पर पैसे ऐंठने के लिए रचा गया था।

पुलिस कार्रवाई

इस बड़े खुलासे के बाद ठगा महसूस कर रहे विनय ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। उसने अपनी पत्नी भूमिका, ससुर वीरेंद्र, सास रीना सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने जानकारी दी है कि पुलिस ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Haryana

Published :  5 September 2026, 11:46 AM IST