“भैया बचा लो…” तड़पते रहे 3 दोस्त, मदद के बदले लुटेरे मोबाइल छीन भागे; अमृतसर में इंसानियत शर्मसार

अमृतसर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना! तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन दोस्तों को 100 मीटर तक घसीटा, तीनों की मौत। मदद करने के बजाय घायलों के मोबाइल लूटकर भागे कार सवार। कार में नशे का सामान मिलने से हड़कंप।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 12 August 2026, 9:59 AM IST

Amritsar: सड़क हादसों में रफ्तार का कहर तो अक्सर देखने को मिलता है, लेकिन अमृतसर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। कोटला गुजरां-संगतपुरा मार्ग पर एक बेकाबू कार ने बाइक सवार तीन दोस्तों को न सिर्फ कुचला, बल्कि उन्हें 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने हर किसी को सन्न कर दिया।

पशु कारोबारी थे तीनों दोस्त, मौके पर मच गई चीख-पुकार

हरदोवाल गांव के रहने वाले प्रदीप, जगतार सिंह और संदीप सिंह पशु खरीदने और बेचने का काम करते थे। सोमवार शाम तीनों एक ही बाइक से अमृतसर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। प्रदीप और जगतार ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल संदीप की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मदद के बजाय घायलों के मोबाइल लूटे

घटना के बाद जो मंज़र दिखा, उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। चश्मदीदों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार से दो पुरुष, एक महिला और बच्चा बाहर निकले। सड़क पर तड़प रहे युवकों की मदद करने और एम्बुलेंस बुलाने के बजाय, आरोपियों ने मृतकों और घायलों के जेब से मोबाइल फोन निकाले और फरार हो गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण वे उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।

फैक्ट्री, दफ्तर और घर… एक साथ 10 जगहों पर रेड; करोड़ों के पंजाब नेशनल बैंक फ्रॉड केस में CBI की बड़ी कार्रवाई

कार से मिले नशे के सामान, चोरी की गाड़ी होने का शक

घटनास्थल पर पहुंची थाना झंडेर पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से सिल्वर पेपर, दस रुपये का अधजला नोट और किरपाण बरामद हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार सवार नशे की हालत में थे। पुलिस को यह भी अंदेशा है कि हादसा में शामिल कार चोरी की हो सकती है।

जांच में जुटी पुलिस

सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कार के मालिकाना हक, नशे के एंगल और मृतकों के मोबाइल चोरी होने की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।

Location :  Amritsar

Published :  12 August 2026, 9:59 AM IST