Ambala Building Collapse: अंबाला में बाजार के बीचो-बीच गिरी इमारत, धमाके के बाद मची भगदड़; रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो वायरल

अंबाला शहर की पुरानी सब्जी मंडी में मंगलवार रात एक जर्जर इमारत अचानक ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबे दो लोगों को पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 June 2026, 9:29 AM IST

Ambala: हरियाणा के अंबाला शहर से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। अंबाला शहर की पुरानी सब्जी मंडी में मंगलवार रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब मीरी-पीरी चौक के पास स्थित एक बेहद जर्जर और लंबे समय से बंद पड़ी इमारत अचानक भरभराकर ताश के पत्तों की तरह ढह गई।

तेज धमाके जैसी आवाज के साथ बिल्डिंग के धराशायी होते ही बाजार में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इस भीषण हादसे के दौरान मलबे की चपेट में आने से दो लोग बुरी तरह दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।

मलबे में तब्दील हुई पूरी बिल्डिंग

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र होने के कारण इस समय रोजाना की तरह रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले छोटे दुकानदार और बड़ी संख्या में खरीदार मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान जर्जर इमारत का एक हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा और देखते ही देखते पूरी दो मंजिला बिल्डिंग मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। तेज आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार, रेहड़ी संचालक और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े और अपने स्तर पर मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश शुरू करते हुए पुलिस-प्रशासन को इसकी सूचना दी।

अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल में भरी उड़ान, जानें पूरा अपडेट

सुरक्षित निकाले गए दो लोग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य (Rescue Operation) में तेजी लाने के लिए तुरंत दो फायर टेंडर और जेसीबी मशीनों को काम पर लगाया गया। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान 22 वर्षीय राकेश और 65 वर्षीय कश्मीरी लाल के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि कश्मीरी लाल सब्जी खरीदने मंडी आए थे, जबकि राकेश भी पास ही मौजूद था। रेस्क्यू टीम ने स्थानीय निवासियों की मदद से मलबे को हटाया और दोनों घायलों को बाहर निकालकर तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

प्रशासन की लापरवाही पर भड़के लोग

इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह इमारत काफी समय से कंडम हालत में थी। हालांकि इसमें कोई रहता नहीं था, लेकिन कुछ लोग अपना सामान रखने के लिए इसका इस्तेमाल करते थे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस खतरनाक और जर्जर भवन की स्थिति को लेकर पहले भी नगर निगम और प्रशासन को सचेत किया गया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसका नतीजा इस हादसे के रूप में सामने आया है।

हरियाणा के अंबाला में 5 लोगों की हत्या से हड़कंप, भाई ने ही भाई के पूरे परिवार को किया खत्म

देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन

हादसे के बाद सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने पूरे मीरी-पीरी चौक और सब्जी मंडी क्षेत्र को बैरिकेडिंग करके घेर लिया है। देर रात तक जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम जारी रहा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे कोई और व्यक्ति तो नहीं दबा है।

इस हादसे ने एक बार फिर अंबाला शहर में खड़ी अन्य खस्ताहाल और जर्जर इमारतों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय जनता ने मांग की है कि ऐसी सभी खतरनाक बिल्डिंगों का तुरंत सर्वे कराकर उन्हें गिराया जाए ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए।

Location :  Ambala

Published :  17 June 2026, 9:29 AM IST