
कंगना रनौत और CJP प्रवक्ता सौरव दास (IMG: Pinterest)
New Delhi: सियासत में बयानबाजी कोई नई बात नहीं है, लेकिन जब बात व्यक्तिगत हमले और तीखे शब्दों तक पहुंच जाए तो मामला सुर्खियों में आना तय है। इस बार ऐसा ही कुछ भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत और सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास के बीच देखने को मिला है। पहले दास ने कंगना की राजनीतिक सक्रियता और उनके बयानों पर सवाल उठाए, फिर कंगना ने सोशल मीडिया पर ऐसा पलटवार किया कि विवाद और ज्यादा गरमा गया।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए सीजेपी और उसके प्रवक्ता सौरव दास पर निशाना साधा। उन्होंने दास को 'बेकार' और 'बेरोजगार' तक कह दिया। इतना ही नहीं, कंगना ने पार्टी के तौर-तरीकों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस तरह से वे बात करते हैं और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, वह उन्हें 'कॉकरोच' जैसा व्यवहार करने वाला बनाता है।
विवाद की शुरुआत सौरव दास की ओर से कंगना रनौत की आलोचना किए जाने के बाद हुई। इसके बाद कंगना ने दास के एक इंटरव्यू का स्क्रीनशॉट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। इसी के साथ उन्होंने दास के खुद को छात्र बताए जाने पर सवाल खड़ा कर दिया। कंगना ने दावा किया कि उन्होंने सौरव दास के बारे में गूगल किया और वहां उनकी उम्र 28 साल सामने आई। इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि अगर उनकी उम्र 28 साल है तो वह खुद को छात्र कैसे बता सकते हैं। कंगना का तंज यहीं नहीं रुका।
ट्विशा और दीपिका की मौत पर कंगना रनौत का छलका दर्द, शादीशुदा महिलाओं की असुरक्षा पर लिखा भावुक नोट
उन्होंने अपनी राजनीतिक और फिल्मी पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि वह भले ही पिछले दो साल से राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन पिछले करीब 20 साल से सार्वजनिक जीवन में हैं।
कंगना ने अपने करियर का हवाला देते हुए कहा कि दास की उम्र में उनके पास दो नेशनल अवॉर्ड थे। उन्होंने यह भी गिनाया कि सांसद बनने के बाद उन पर काम का काफी दबाव रहा, क्योंकि वह सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं बल्कि फिल्ममेकर, परफॉर्मिंग आर्टिस्ट, प्रोड्यूसर, स्क्रीनराइटर और कारोबारी भी हैं।
कंगना ने सौरव दास को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह कभी नहीं समझ पाएंगे कि हर समय भारी डिमांड में रहने का क्या मतलब होता है। इसके बाद उन्होंने सीधे दास को संबोधित करते हुए कहा कि उनके मुद्दे व्यक्तिगत हैं और वह छात्र नहीं हैं, बल्कि 'बेकार' हैं। कंगना ने आगे तंज कसते हुए उन्हें कुछ सीखने की सलाह भी दी। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर कंगना के तेवर चर्चा में आ गए हैं। अभिनेत्री से सांसद बनीं कंगना अक्सर अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहती हैं। इस बार भी उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए जवाब देने का रास्ता चुना।
कंगना ने एक अन्य इंस्टाग्राम स्टोरी में सीजेपी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में कभी एक जगह इतनी 'बदसूरती' नहीं देखी। इसके बाद उन्होंने पार्टी के सदस्यों की भाषा और उनके बातचीत करने के तरीके पर सवाल उठाया। कंगना ने कहा कि जिस तरह से वे बात करते हैं और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, वह बेहद आपत्तिजनक है। इसी दौरान उन्होंने 'कॉकरोच' वाली टिप्पणी की और कहा कि वे खुद को कॉकरोच कहते हैं और दिखते और बर्ताव भी उसी तरह करते हैं।
Location : New Delhi
Published : 29 July 2026, 12:40 PM IST