सोनिया गांधी की किताब से मचेगा सियासी तूफान? बोलीं- अब तक दूसरों ने सुनाई मेरी कहानी, अब मेरी बारी

सोनिया गांधी की नई किताब Belonging: A Journey of Love रिलीज होने से पहले ही चर्चा में है। उन्होंने साफ कहा है कि अब तक दूसरों ने उनकी कहानी अपने तरीके से सुनाई, लेकिन अब वह खुद अपनी जिंदगी के अनुभव बताएंगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 October 2026, 8:26 PM IST

New Delhi: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आने वाली किताब को लेकर राजनीतिक और सार्वजनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। दशकों तक सार्वजनिक जीवन में रहने वाली सोनिया गांधी अब अपनी जिंदगी के उन पहलुओं को खुद सामने लाने जा रही हैं, जिनके बारे में अब तक कई तरह की बातें कही जाती रही हैं। उन्होंने साफ संकेत दिया है कि उनकी किताब आने के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो सकता है। उनका कहना है कि अब तक दूसरों ने उनकी कहानी अपने तरीके से सुनाई, लेकिन अब वह खुद अपनी बात रखेंगी।

‘किताब आएगी तो तमाशा तो होना ही है’

सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए अपनी किताब को लेकर दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि जब यह किताब आएगी, तो कुछ तमाशा होना तय है। उनके मुताबिक, इतने सालों तक दूसरे लोगों ने उनकी कहानी को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है। अब वह अपनी जिंदगी के अनुभवों को खुद दुनिया के सामने रखना चाहती हैं।

उनके इस बयान ने किताब को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि सोनिया गांधी ने अपनी बात रखते हुए यह भी जता दिया कि किताब सामने आने के बाद हर कोई उनकी बातों से सहमत हो, ऐसा जरूरी नहीं है।

ये भी पढ़ें- अंग्रेजों के सामने नहीं झुके रामप्रसाद भालोटिया: सिसवा में गूंजा वीर सपूत का शौर्य, मूर्ति स्थापना की मांग

क्यों अपनी कहानी खुद लिखना चाहती हैं सोनिया गांधी?

वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि उनके बारे में काफी कुछ लिखा गया है। हालांकि, उनके अनुसार, इनमें से कई बातें पूरी तरह सही नहीं थीं। कुछ बातें मनगढ़ंत थीं, तो कुछ को वास्तविकता से ज्यादा बढ़ाकर पेश किया गया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्हें लगा कि अपनी कहानी खुद लिखनी चाहिए। वह चाहती हैं कि घटनाओं और तथ्यों को उसी तरह सामने रखा जाए, जैसे वे वास्तव में हुए थे।

किसी की राय बदलेगी, तो किसी की और खराब होगी

सोनिया गांधी ने किताब को लेकर एक और अहम बात कही। उनके मुताबिक, संस्मरण पढ़ने के बाद कुछ लोगों की उनके प्रति राय बदल सकती है, जबकि कुछ लोगों की राय पहले से ज्यादा नकारात्मक भी हो सकती है। उन्होंने माना कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्ति के बारे में लोगों की अलग-अलग धारणाएं होती हैं। किताब लिखने के बाद भी हर व्यक्ति का नजरिया एक जैसा नहीं हो सकता।

ये भी पढ़ें- बलिया में यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का खाका तैयार, 149 केंद्र प्रस्तावित, 1.13 लाख छात्र देंगे परीक्षा

बचपन से राजीव गांधी तक, कई अहम पड़ावों का जिक्र

सोनिया गांधी की किताब का नाम Belonging: A Journey of Love है। यह संस्मरण उनके जीवन के कई महत्वपूर्ण पड़ावों को समेटता है। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के इटली में बिताए बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात, उनसे शादी और भारतीय राजनीति में कदम रखने तक के अनुभव शामिल हैं। सोनिया गांधी का जीवन लंबे समय तक भारतीय राजनीति के केंद्र में रहा है।

10 नवंबर को रिलीज होगी किताब

सोनिया गांधी की यह किताब 10 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज होने वाली है। इसका प्रकाशन अल्फ्रेड ए. नॉफ कर रहा है, जो नॉफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप का हिस्सा है। किताब के प्रकाशन की घोषणा 18 अगस्त को की गई थी।

Location :  New Delhi

Published :  27 October 2026, 8:26 PM IST