
बरेली में सपा की सियासी हुंकार (IMG: Dynamite News)
Bareilly: बरेली में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच समाजवादी पार्टी ने सियासी माहौल गरमा दिया है। सोमवार को सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ के पोस्टर और रोजगार मांगती तख्तियां लेकर शहर की सड़कों पर पदयात्रा निकाली। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और बेरोजगारी, महंगाई, लोकतंत्र तथा संविधान से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा गया।
समाजवादी पार्टी की पीडीए जनचेतना पदयात्रा सोमवार को जिला कार्यालय से शुरू हुई। यहां से सपा कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर, बैनर और तख्तियां लेकर शहर की सड़कों पर निकले। पदयात्रा पटेल चौक, नावेल्टी चौराहा, जिला अस्पताल रोड और कुतुबखाना होते हुए घंटाघर पहुंची। पूरे रास्ते कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस पदयात्रा में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बरेली में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान तेज, बूथ स्तर पर हर वोट के सत्यापन का मिला लक्ष्य
पदयात्रा के दौरान सपा कार्यकर्ताओं के हाथों में लगे पोस्टर और तख्तियां लोगों का ध्यान खींचते रहे। किसी पोस्टर पर ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ लिखा था तो किसी पर युवाओं के रोजगार से जुड़ा संदेश था। कार्यकर्ता ‘डिग्री नहीं अब रोजगार चाहिए, हर युवा को काम और अधिकार चाहिए’ जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। सपा नेताओं ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।
कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव की तैयारी कर रहीं पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन भी अपने समर्थकों के साथ पदयात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि पीडीए जनचेतना पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच पहुंचना और उसे राजनीतिक तथा सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना है।
बरेली में सपा की सियासी हुंकार (IMG: Dynamite News)
जब सुप्रिया ऐरन से पूछा गया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के बीच किस तरह रखेगी, तो उन्होंने कहा कि पार्टी अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रखेगी। इसके साथ ही मौजूदा सरकार के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल में हुई कमियों और बिगड़ी व्यवस्थाओं को भी लोगों के बीच उठाया जाएगा।
बरेली एयरपोर्ट पर बड़ा घटनाक्रम: दो बार नाकाम हुई लैंडिंग, दिल्ली से लौटकर शाम को उतरा विमान
समाजवादी पार्टी ने बरेली जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए जनचेतना पदयात्रा निकालने की योजना बनाई है। यह अभियान 22 नवंबर से 22 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत 22 नवंबर को फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से की गई थी। इसके बाद शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में भी पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा में सपा नेता अनीस बेग भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई और संविधान से जुड़े सवालों को प्रमुख बताते हुए कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है।
Location : Bareilly
Published : 23 November 2026, 5:25 PM IST