हिंदी
मैनपुरी सपा सांसद डिंपल यादव (Img: Dynamite News)
Mainpuri: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने मैनपुरी में बातचीत के दौरान देश के कई अहम राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राम मंदिर, लखनऊ कोचिंग सेंटर में आग की घटना, राम मंदिर चंदा विवाद, पेपर लीक, महाराष्ट्र की राजनीति, बीजेपी के संगठन विस्तार और छात्रों के प्रदर्शन जैसे विषयों पर सरकार को घेरते हुए कई सवाल उठाए।
डिंपल यादव ने सोनिया गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि प्रधानमंत्री देश के बड़े मुद्दों पर अपनी बात नहीं रखते। इस पर उन्होंने कहा कि चाहे राम मंदिर का मामला हो या लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना, ये बेहद गंभीर घटनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जब देश में इतनी बड़ी घटनाएं होती हैं तो बड़े नेताओं को संवेदना व्यक्त करनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया जाता तो लोगों तक यह संदेश जाता है कि इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि बात केवल चंपत राय की नहीं है, बल्कि यदि इस मामले में कोई भी व्यक्ति शामिल है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। चाहे वह कितना भी बड़ा हो या छोटा, दोषी पाए जाने पर किसी को भी नहीं बख्शा जाना चाहिए।
फिरोजाबाद के एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी द्वारा ताजियों की फीता लेकर लंबाई नापने के मामले पर भी डिंपल यादव ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब तो और भी लंबाई नापी जाएगी। अयोध्या की घटना के बाद शायद लंबी-लंबी रस्सियां और फीते लेकर लोग नापने निकलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में फूट डालने की राजनीति की जा रही है और इसी तरीके से देश चलाने की कोशिश हो रही है।
प्रियंका गांधी के उस बयान पर भी डिंपल यादव ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि जो लोग देश की आस्था से खिलवाड़ करते हैं, वे देश का भला नहीं कर सकते। डिंपल यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों की आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि हमारे धर्म में किसी की जमीन या पैसा हड़पना घोर पाप माना गया है। यहां भगवान श्रीराम के नाम पर जुटाए गए धन को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जो अपने आप में बहुत बड़ा कलंक है।
उत्तर प्रदेश बीजेपी की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने पर डिंपल यादव ने कहा कि बीजेपी को संगठन विस्तार करने में 10 साल लग गए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से ही सामाजिक प्रतिनिधित्व का विस्तार कर चुकी है। उनके मुताबिक पार्टी में दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज के कई सांसद हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी को यह बात अब जाकर क्यों याद आई।
उद्धव ठाकरे के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने चुनावी फायदे के लिए पार्टियां तोड़ने का आरोप लगाया था, डिंपल यादव ने कहा कि आज जिस तरह दूसरी पार्टियों में सेंधमारी हो रही है, वह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन सांसदों को चुना, उन्हें उनकी पार्टी के नाम पर वोट मिला था, न कि बीजेपी के नाम पर। ऐसे में चुने हुए प्रतिनिधियों को दूसरी पार्टियों में शामिल कराना संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने इसे खुला भ्रष्टाचार बताया।
जब उनसे पूजा पाल के उस बयान पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव का पीडीए भ्रष्ट हो गया है, तो डिंपल यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह तो ऐसा कहती ही रहेंगी। उन्होंने इतना भी जोड़ा कि पूजा पाल लंबे समय तक उनके साथ रही हैं।
महाराष्ट्र में पेपर लीक की आशंका के चलते परीक्षा रद्द किए जाने के सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि अब यह नया ट्रेंड बन गया है। उन्होंने कहा कि लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। उनका कहना था कि जब राजनीति केवल हिंदू-मुस्लिम के नाम पर होगी तो रोजगार और शिक्षा जैसे असली मुद्दे पीछे छूट जाएंगे।
जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री के खिलाफ हुए प्रदर्शन को लेकर डिंपल यादव ने कहा कि आज केवल किसी एक संगठन या प्रदर्शनकारी की बात नहीं है, बल्कि पूरा छात्र और युवा वर्ग परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा वर्ग अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार से नाराज है और वह बदलाव चाहता है।
Location : Mainpuri
Published : 27 June 2026, 4:52 PM IST