
कर्नाटक और मध्य प्रदेश की सभी सीटों पर नतीजे साफ (Img- Internet)
Bengaluru: कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीटों के लिए होने वाले चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एक बार फिर उच्च सदन के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। उनके साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा और मंसूर अली खान (पूर्व उपसभापति रहमान खान के पुत्र) भी राज्यसभा पहुंच चुके हैं।
दरअसल, कुल 5 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी का फॉर्म रद्द हो गया। गुरुवार को नाम वापसी का समय खत्म होने के बाद मैदान में केवल चार चेहरे ही बचे थे, जिसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने सभी को विजयी घोषित कर दिया।
इस शानदार जीत के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर सभी नवनिर्वाचित सांसदों को बधाई दी। उन्होंने भरोसा जताया कि ये नेता संसद में राज्य के विकास और कर्नाटक के हितों की मजबूत आवाज बनेंगे। वहीं, राज्यसभा सांसद बनने के बाद पवन खेड़ा ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे कर्नाटक की जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने एक दिलचस्प बात भी कही कि अगली बार जब वे कर्नाटक के लोगों को संबोधित करेंगे, तो कन्नड़ भाषा में बोलने का पूरा प्रयास करेंगे।
दूसरी तरफ, मध्य प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा की तीनों सीटों पर निर्विरोध फतह हासिल कर ली है। नाम वापसी की समय सीमा खत्म होते ही भाजपा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल, तरुण चुघ और महेश केवट को आधिकारिक तौर पर निर्वाचित घोषित कर चुनाव प्रमाण पत्र सौंप दिया गया। मध्य प्रदेश में भाजपा की यह राह इसलिए आसान हो गई क्योंकि विपक्ष के पास मैदान में कोई अन्य उम्मीदवार नहीं बचा था।
Bengaluru: डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली
मध्य प्रदेश में कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसकी एकमात्र उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिया गया। भाजपा नेताओं ने नटराजन के चुनावी हलफनामे पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई थी। भाजपा का आरोप था कि उन्होंने हैदराबाद की एक अदालत में लंबित आपराधिक मामले और तेलंगाना में साल 2022 के एक दुष्कर्म मामले से जुड़े अदालती समन की जानकारी छिपाई है। निर्वाचन अधिकारी अरविंद शर्मा ने जांच में इन आपत्तियों को सही पाया और अधूरा नामांकन पत्र होने के आधार पर मीनाक्षी नटराजन का पर्चा रद्द कर दिया, जिससे भाजपा की निर्विरोध जीत का रास्ता साफ हो गया।
Location : Bengaluru
Published : 12 June 2026, 9:03 AM IST