
जिनेवा में गरजेंगे सांसद राजकुमार रोत (Img: @roat_mla)
Banswara: राजस्थान के बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा क्षेत्र से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के आदिवासी समुदाय की आवाज़ उठाने जा रहे हैं। उन्हें स्विट्जरलैंड के जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र के एक अहम मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है, जो मूल निवासियों के अधिकारों के लिए समर्पित है। यह कार्यक्रम 13 से 17 जुलाई तक होगा, जिसमें दुनिया भर के कई देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए सांसद राजकुमार रोत ने बताया कि उन्हें संयुक्त राष्ट्र के EMRIP (मूल निवासियों के अधिकारों पर विशेषज्ञ तंत्र) के 19वें सत्र में भाग लेने का मौका मिला है। उन्होंने इसे सिर्फ अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि लाखों भारतीय आदिवासियों की आवाज को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का एक अहम मौका बताया।
ये भी पढ़ें - Bureaucracy: राजस्थान में गजब का संयोग, इन दो जिलों के मालिक हैं आपस में ससुर और दामाद, पढ़ें ये दिलचस्प कहानी
संयुक्त राष्ट्र के मंच पर आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखने के लिए, सांसद ने आम जनता, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों से सुझाव मांगे हैं। उन्होंने पानी, जंगल, जमीन, वन अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, भाषा, संस्कृति, संविधान और विस्थापन जैसे विषयों पर सुझाव देने की अपील की है, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन मुद्दों की मजबूती से पैरवी की जा सके।
सांसद की घोषणा के बाद न केवल राजस्थान बल्कि मध्य प्रदेश, गुजरात, झारखंड और अन्य आदिवासी-बहुल राज्यों में भी उत्साह की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया पर अपने सुझाव और स्थानीय चिंताएं साझा कर रहे हैं। जिन मुख्य मुद्दों को उठाया जा रहा है, उनमें प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार, पारंपरिक संस्कृति का संरक्षण और स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा देना शामिल है।
ये भी पढ़ें - राजस्थान के जय मूंदड़ा ने आयरलैंड के लिए किया धमाकेदार डेब्यू, पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को बोल्ड कर रचा इतिहास
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजकुमार रोत का यह दौरा किसी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में महज भाग लेने से कहीं ज्यादा है, इसमें भारत के आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों को वैश्विक पहचान दिलाने की क्षमता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर संयुक्त राष्ट्र जैसे मंच पर स्थानीय चिंताओं को प्रभावी ढंग से रखा जाता है, तो इससे आदिवासी अधिकारों पर हो रही चर्चा को एक नई दिशा मिल सकती है।
Location : Banswara
Published : 12 July 2026, 1:19 PM IST