पेपर लीक और रोजगार पर राहुल गांधी का बड़ा दांव! 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से सीधा संवाद

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे। पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, रोजगार, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रवृत्ति जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। कांग्रेस के मुताबिक, डेढ़ लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 August 2026, 2:53 PM IST

Prayagraj: नीट और सीबीएसई से जुड़े घटनाक्रमों के बीच शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गर्म होने के आसार हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां सिविल लाइंस स्थित केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में वह छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए जाएंगे।

8 अगस्त को केपी ग्राउंड में होगा कार्यक्रम

कांग्रेस के मुताबिक, ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत प्रयागराज में तीसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के पहले चरण की शुरुआत 17 जून कोटा से हुई थी, जबकि दूसरा चरण 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित किया गया था। अब तीसरा चरण 8 अगस्त को प्रयागराज में होना तय हुआ है।

पहले इस चरण का समापन 9 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित विशाल छात्र रैली के साथ होना था। हालांकि, दिल्ली सरकार से कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब प्रयागराज में होने वाला छात्र संवाद ही इस चरण का प्रमुख कार्यक्रम होगा।

पेपर लीक से रोजगार तक उठेंगे सवाल

पार्टी प्रवक्ता हसीब अहमद के मुताबिक, प्रयागराज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इनमें रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताएं, पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रवृत्ति जैसे विषय शामिल हैं।

इसके अलावा विश्वविद्यालयों के माहौल और युवाओं के भविष्य को लेकर भी राहुल गांधी छात्रों से बातचीत करेंगे। कार्यक्रम को छात्रों की समस्याओं और उनके सवालों को सीधे सामने रखने के मंच के तौर पर पेश किया जा रहा है।

युवाओं को बड़ा तोहफा: यूपी ITI में फिर लौटी थर्ड शिफ्ट, जानें एडमिशन से लेकर नया मेरिट फॉर्मूला तक सबकुछ

कई जिलों से पहुंचेंगे छात्र

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, प्रयागराज के अलावा कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी समेत कई जिलों से छात्र कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के भी पहुंचने की संभावना है।

डेढ़ लाख से अधिक युवाओं का रजिस्ट्रेशन

कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर विवेकानंद पाठक के मुताबिक, अब तक डेढ़ लाख से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। कांग्रेस संगठन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

EPFO Investment Fraud: ईपीएफओ निवेश के नाम पर करोड़ों का घोटाला; रिलायंस केपिटल के खिलाफ CBI का बड़ा एक्शन; पढ़ें पूरी पड़ताल

तैयारियों को लेकर होगी बैठक

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, शहर जिला कमेटी के पदाधिकारी और स्थानीय नेताओं की बैठक प्रस्तावित है। प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी के अनुसार, राहुल गांधी के छात्र संवाद में प्रदेशभर के प्रतियोगी परीक्षार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।

प्रयागराज में होने वाला यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दे राजनीतिक बहस के केंद्र में हैं। ऐसे में राहुल गांधी के छात्र संवाद पर राजनीतिक और छात्र संगठनों की नजर रहेगी।

Location :  Prayagraj

Published :  1 August 2026, 2:53 PM IST