
राहुल गांधी के 5 घंटे धरने के बाद छात्र साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज (Img: Dynamite News)
New Delhi: दिल्ली में जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान घायल हुए 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के करीब 6 घंटे तक संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठने के बाद हुई। FIR दर्ज करने के बाद उसकी कापी पुलिस ने छात्र साहिल लोचब को दी। साहिल ने FIR की कापी राहुल गांधी को दिखाई।
राहुल गांधी शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे घायल छात्र साहिल लोचब और उसकी मां के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। बताया गया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज करने की मांग की।
जब तत्काल FIR दर्ज नहीं हुई तो राहुल गांधी थाने के बाहर ही जमीन पर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया। उनके साथ कांग्रेस के कई नेता भी धरने में शामिल हुए।
धरने के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मौजूद रहे।
करीब 6 घंटे तक चले विरोध के बाद शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने यह मामला किसी पुलिसकर्मी के नाम से दर्ज करने के बजाय अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया है।
राहुल गांधी (Img: Dynamite News)
दरअसल, 20 जुलाई को छात्र जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी थी। छात्रों ने पुलिस और RAF पर लाठीचार्ज तथा पैलेट गन के इस्तेमाल का आरोप लगाया था।
जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और कथित पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग के बीच राहुल गांधी खुद सड़क पर उतरे और संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे।@RahulGandhi @INCIndia #JantarMantar #RahulGandhi… pic.twitter.com/irJSKyog4N— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 21, 2026
इसी दौरान 19 वर्षीय साहिल लोचब घायल हुआ था। उसके शरीर और आंख के पास छर्रे लगने की बात सामने आई थी। छात्र की ओर से आरोप लगाया गया कि पैलेट गन के इस्तेमाल के कारण उसकी आंख की रोशनी प्रभावित होने का खतरा है।
राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत के दौरान साहिल को लगे छर्रे दिखाते हुए पैलेट गन के इस्तेमाल का दावा किया। उन्होंने कहा कि बिना FIR दर्ज किए छात्र को न्याय नहीं मिल सकता।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि AIIMS की रिपोर्ट में चोट की पुष्टि होने का दावा किया गया है।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, 20 जुलाई के प्रदर्शन से जुड़े मामलों की जांच पहले से ही क्राइम ब्रांच कर रही है। साहिल की शिकायत पर दर्ज नई FIR को भी आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेजे जाने की बात कही जा रही है।
अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि छात्र को लगी चोट किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार था। पुलिस प्रदर्शन के दौरान मौजूद वीडियो फुटेज, अन्य साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर मामले की जांच करेगी।
Location : New Delhi
Published : 21 August 2026, 7:01 PM IST