CJP आंदोलन पर मायावती का बड़ा बयान, कहा- राजनीति नहीं, पहले छात्रों का भविष्य बचाइए

CJP आंदोलन और पेपर लीक विवाद पर बसपा प्रमुख मायावती ने सरकार, अदालत और छात्रों से बातचीत कर जल्द समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने आंदोलन के राजनीतिकरण पर चिंता जताते हुए विपक्षी दलों को इससे दूर रहने की सलाह दी और भ्रष्टाचार को ऐसी घटनाओं की मूल वजह बताया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 July 2026, 2:39 PM IST

Lucknow: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे छात्रों के आंदोलन और पेपर लीक विवाद को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पहली बार इस पूरे मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार, अदालत और आंदोलनकारी छात्रों से जल्द समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने विपक्षी दलों को भी आंदोलन से दूर रहने की सलाह दी है।

सरकार और छात्रों से बातचीत की अपील

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राजधानी दिल्ली में चल रहे आंदोलन का असर केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि कई राज्यों में भी आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और संवैधानिक संस्थाओं को छात्रों के साथ संवाद स्थापित कर जल्द से जल्द समाधान निकालना चाहिए।

पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित

बसपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों के कारण लाखों छात्र-छात्राएं और उनके परिवार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया।

भ्रष्टाचार को बताया मूल कारण

मायावती ने कहा कि चाहे अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला हो या पेपर लीक की घटनाएं, इन सभी के पीछे भ्रष्टाचार सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक नैतिकता की अनदेखी देश के लिए दीमक की तरह नुकसानदायक साबित हो रही है। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के 'गुड गवर्नेंस' के सिद्धांतों का भी उल्लेख किया।

सावधान कार चालक! सिर्फ एक कागज़ की भूल और जेब से कटेंगे 10,000 रुपये, आज ही चेक करें ये 5 चीज़ें

विपक्ष को दी नसीहत

मायावती ने कहा कि छात्रों के आंदोलन का राजनीतिकरण करना उचित नहीं है। उनके अनुसार विभिन्न राजनीतिक दल अपने संकीर्ण स्वार्थ के लिए इस आंदोलन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे सड़क से लेकर संसद तक टकराव और तनाव की स्थिति बन रही है।

बिना इंटरनेट और सिम के कैसे हो रही चैटिंग? जंतर-मंतर प्रदर्शन में पुलिस भी हैरान, जानें क्या है यह सीक्रेट टेक्नोलॉजी

शांतिपूर्ण समाधान पर जोर

बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकार, अदालत और आंदोलनकारी छात्रों को मिलकर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से इस विवाद का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितनी जल्दी यह मुद्दा सुलझेगा, उतना ही देश और छात्रों के हित में होगा।

Location :  Lucknow

Published :  23 July 2026, 2:39 PM IST