
आलू किसानों के मुद्दे पर सड़क पर उतरी सपा (Img: Dynamite News)
Kannauj: कन्नौज में आलू किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता आलू की कांवड़ लेकर पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। इस दौरान सपा नेत्री शशिमा सिंह भी आलू की कांवड़ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आलू किसानों को राहत देने की मांग उठाई।
सपा कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन अपने अलग अंदाज के कारण भी चर्चा में रहा। कार्यकर्ता आलू की कांवड़ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और किसानों की परेशानियों को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आलू की लागत और किसानों को मिलने वाली कीमत के बीच बड़ा अंतर होने से किसान परेशान हैं।
ये भी पढ़ें- चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर बरसे जूते-पत्थर, बाराबंकी में मचा हंगामा; सांसद ने दी आंदोलन की चेतावनी
सपा ने सरकार से मांग की कि आलू किसानों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। पार्टी का कहना है कि मौजूदा हालात में किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी ने कोल्ड स्टोरेज के भाड़े को लेकर भी बड़ी मांग रखी। सपा की मांग है कि आलू किसानों पर पड़ने वाले कोल्ड स्टोरेज के किराए का खर्च सरकार वहन करे। पार्टी नेताओं का कहना है कि आलू को सुरक्षित रखने के लिए किसान बड़ी रकम खर्च करते हैं। इसके बाद बाजार में सही कीमत नहीं मिलने पर उनकी मुश्किल और बढ़ जाती है। ऐसे में भंडारण का खर्च कम करने से किसानों को कुछ राहत मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ गोरखपुर पहुंची Gen-Z, नेहा बोरा भी मौजूद
सपाइयों ने आलू की अलग-अलग वैरायटी के मुताबिक सरकारी खरीद किए जाने की मांग भी उठाई। पार्टी का कहना है कि किसानों को उनकी उपज के हिसाब से उचित दाम मिलना चाहिए, ताकि खेती में हो रहा खर्च निकल सके और उन्हें नुकसान न उठाना पड़े। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में भारी पुलिस बल तैनात किया।
Location : Kannauj
Published : 14 September 2026, 3:39 PM IST