गोरखपुर में थप्पड़कांड के बाद अखिलेश का बड़ा फैसला, सपा की पूरी जिला-महानगर टीम भंग

गोरखपुर में सपा की प्रेस वार्ता के दौरान हुआ विवाद अब पार्टी के संगठन तक पहुंच गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी से मारपीट और थप्पड़ के मामले के बाद अखिलेश यादव ने बड़ा फैसला लिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 October 2026, 3:22 PM IST

Gorakhpur: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में संगठन को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए जिला और महानगर इकाई समेत सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणियां तत्काल प्रभाव से भंग कर दी हैं। जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के साथ दोनों कार्यकारिणियों के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों की जिम्मेदारियां भी समाप्त कर दी गई हैं।

शनिवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए विवाद और थप्पड़कांड के बाद पार्टी नेतृत्व की इस कार्रवाई को बेहद सख्त कदम माना जा रहा है।

जिला-महानगर अध्यक्ष समेत पूरा संगठन भंग

पार्टी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि समाजवादी पार्टी जनपद गोरखपुर के जिलाध्यक्ष सहित जिला कार्यकारिणी और महानगर अध्यक्ष सहित महानगर कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। इसके साथ ही सभी फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों को भी पदमुक्त कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें- पेट दर्द का इलाज कराने अस्पताल पहुंची महिला, ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत; वाराणसी में इलाज के दौरान मौत

कार्रवाई का दायरा जिला और महानगर स्तर तक ही सीमित नहीं रहा। गोरखपुर से जुड़ी सपा की राज्य कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य और सभी फ्रंटल संगठनों की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी और सदस्यों की जिम्मेदारियां भी समाप्त कर दी गई हैं। इस तरह पार्टी नेतृत्व ने गोरखपुर में संगठन के कई स्तरों पर एक साथ बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है।

ये भी पढ़ें- 6 महीने में कैसे बढ़ गए 40 लाख वोट? राज और उद्धव ठाकरे के तीखे सवालों से गरमाई महाराष्ट्र की राजनीति

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, शनिवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैठने की जगह को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कहासुनी के बाद मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान पूर्व सपा जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया। थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद ने तेजी पकड़ ली और मामला पार्टी नेतृत्व तक पहुंच गया।

अब संगठन भंग होने के बाद गोरखपुर में सपा को नए सिरे से संगठन खड़ा करना होगा। जिला और महानगर अध्यक्ष के साथ फ्रंटल संगठनों में भी नए पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 October 2026, 3:22 PM IST