
गोरखपुर हादसे पर अखिलेश यादव ने तोड़ी चुप्पी (IMG: Dynamite News)
Lucknow: गोरखपुर में चुनाव अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में एक बच्चे की मौत का मामला सुर्खियों में है।। जिस रथ यात्रा में अखिलेश यादव के स्वागत के लिए जेसीबी से फूल बरसाए जा रहे थे, उसी जेसीबी के कारण 14 वर्षीय किशोर आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत की जान चली गई। घटना के बाद मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोरखपुर हादसे को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं।" उन्होंने आगे बताया कि अपने लोगों से पीड़ित परिवार से मिलने और उनकी हरसंभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। अखिलेश के इस बयान को हादसे के बाद पार्टी की ओर से आई अहम प्रतिक्रिया माना जा रहा है।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में सिर्फ हादसे पर दुख नहीं जताया, बल्कि राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोग लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और उन्हें दी गई धमकी को याद रखें। उन्होंने आगे कहा कि शोक का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।
किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं।
इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी माँ के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 19, 2026
दरअसल, बुधवार 18 नवंबर को अखिलेश यादव गोरखपुर में पीडीए रथ यात्रा निकाल रहे थे। यह यात्रा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में आयोजित की गई थी। इस दौरान सपा समर्थकों की ओर से अखिलेश यादव का स्वागत किया जा रहा था। स्वागत के लिए जेसीबी मशीन से फूल बरसाए जा रहे थे। इसी दौरान 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत सड़क पार कर रहा था। बताया गया कि वह अपनी बहन को लेने के लिए जा रहा था। तभी फूल बरसाने के लिए इस्तेमाल की जा रही जेसीबी की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोरखपुर में दर्दनाक हादसा, JCB की चपेट में आकर एयरफोर्स केंद्रीय विद्यालय के छात्र की मौत
मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत की तहरीर पर गोरखपुर की एम्स थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में छह नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एफआईआर में जेसीबी चालक और रथ यात्रा से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
Location : Lucknow
Published : 19 November 2026, 3:43 PM IST