
रायबरेली में BSP प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा दावा (IMG: Dynamite News)
Raebareli: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी ने साफ कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। रायबरेली पहुंचे BSP के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पार्टी इस बार ‘दलों से नहीं, जनता से गठबंधन’ करेगी और अपने दम पर अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी।
दरअसल, BSP प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल रायबरेली में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के दौरान उन्होंने जिले में पार्टी संगठन की तैयारियों और बूथ कमेटियों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बाद समाजसेवी दिनेश श्रीवास्तव के प्रगति पूरम स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए विश्वनाथ पाल ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने का काम लगातार चल रहा है।
2027 के चुनाव में गठबंधन को लेकर BSP प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन करने के बजाय सीधे जनता के साथ गठबंधन करेगी। विश्वनाथ पाल ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता लगातार गांवों में पहुंच रहे हैं और जनता से संवाद कर रहे हैं। उनका कहना है कि संगठन का उद्देश्य बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के साथ जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना है।
BSP प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के पिछले प्रदर्शन का जिक्र करते हुए 2007 के विधानसभा चुनाव की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उस समय बहुजन समाज पार्टी ने किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन किए बिना चुनाव लड़ा था और बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी। उन्होंने इसी उदाहरण को आधार बनाते हुए दावा किया कि 2027 में भी पार्टी उसी रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
जब उनसे पूछा गया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दूसरी राजनीतिक पार्टियों की क्या तैयारी है, तो उन्होंने कहा कि वह दूसरी पार्टियों की रणनीति के बारे में कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि BSP अपने संगठन और कार्यकर्ताओं पर फोकस कर रही है। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाना है।
रायबरेली छोटेलाल हत्याकांड: जिसका उजड़ा सुहाग उसी पर पुलिस को शक, मर्डर केस में आया नया ट्विस्ट
विश्वनाथ पाल ने कहा कि BSP की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसमें पार्टी के बड़े नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं की भूमिका भी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है और सभी पदाधिकारी चुनाव की तैयारियों में सक्रियता से काम कर रहे हैं।
रायबरेली में हुई समीक्षा बैठक के दौरान BSP के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के साथ पूर्व लोकसभा और राज्यसभा सांसद घनश्याम चंद्र खरवार समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी बैठक में शामिल हुए। इस मौके पर मंडल प्रभारी अशोक गौतम, सुशील कुमार मुन्ना, अनुनेन्द्र कुमार, धर्मेंद्र पासी, जिलाध्यक्ष विजय अम्बेडकर, राकेश गौतम, शिव सागर अग्रहरि, राम किशोर पासी, गंगा सागर समेत कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Raebareli
Published : 18 August 2026, 7:35 PM IST