उत्तर प्रदेश में भाजपा की सियासी किलेबंदी तेज: पश्चिमी यूपी पर खास फोकस, नितिन नवीन और बीएल संतोष संभालेंगे कमान

उत्तर प्रदेश में सियासी किलेबंदी मजबूत करने के लिए बीजेपी ने कमर कस ली है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष 12-13 सितंबर को यूपी दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे हारी हुई सीटों का फीडबैक लेने के साथ ही पश्चिमी यूपी, अवध और कानपुर क्षेत्र में चुनावी रणनीति को धार देंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 September 2026, 8:28 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक चुनौतियों से पार पाने और संगठन की जड़ों को मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। हाल ही में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के लखनऊ दौरे के बाद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने राज्य में डेरा डालने की रणनीति बनाई है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष उत्तर प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं, जिसके तहत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मैराथन बैठकों का दौर शुरू होगा।

दौरे का बदला कार्यक्रम और शीर्ष नेताओं का प्रवास

पार्टी के तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय नेतृत्व का यह दौरा पहले 11 से 13 सितंबर तक यानी तीन दिनों के लिए प्रस्तावित था, जिसे संशोधित कर अब दो दिन (12 से 13 सितंबर) का कर दिया गया है। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मेरठ पहुंचकर मोर्चा संभालेंगे, जबकि राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष लखनऊ में रहकर पार्टी की नब्ज टटोलेंगे। इससे पहले चार जुलाई को भी दोनों नेताओं ने दो दिवसीय लखनऊ दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने 15 जुलाई तक क्षेत्रीय संगठनों और मोर्चों के गठन का लक्ष्य रखा था, हालांकि प्रक्रिया में कुछ विलंब जरूर हुआ है। पिछले दौरों में दोनों नेताओं ने पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और पुराने पदाधिकारियों से मुलाकात कर यह संदेश दिया था कि पार्टी चुनावी मैदान में उनके अनुभवों का पूरा इस्तेमाल करेगी। साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर खास संदेश दिए गए थे। इसके अलावा, नितिन नवीन ने एनडीए के सहयोगी दलों (अपना दल एस, रालोद, निषाद पार्टी और सुभासपा) के साथ भी समन्वय बैठक की थी।

Deoria: हरियाणा से बिहार तक शराब पहुंचाने का प्लान फेल, पुलिस ने ऐसे पकड़ी खेप

हारी हुई सीटों का फीडबैक और क्षेत्रीय टीमों का गठन

पार्टी की इस रणनीति को इसलिए भी बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि यह दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है जब भाजपा ने करीब छह साल के अंतराल के बाद अपनी क्षेत्रीय टीमों का नए सिरे से गठन किया है। साथ ही, राष्ट्रीय टीम में भी उत्तर प्रदेश के कई चेहरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और छह मोर्चों की नई टीमें भी जल्द अस्तित्व में आने वाली हैं। ताजा दौरों में राष्ट्रीय नेतृत्व पिछले विधानसभा चुनाव (2022) और लोकसभा चुनाव (2024) के दौरान हारी हुई सीटों पर विशेष रूप से फीडबैक लेगा। लखनऊ प्रवास के दौरान बीएल संतोष की मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक भी संभावित है, जहां चुनावी तैयारियों और समन्वय पर मंथन किया जाएगा।

मेरठ से पश्चिम यूपी साधेंगे नितिन नवीन

अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला पश्चिम उत्तर प्रदेश दौरा होगा। राजनीति के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले इस क्षेत्र की तासीर हमेशा से सामाजिक समीकरणों से ज्यादा ध्रुवीकरण के इर्द-गिर्द घूमती रही है। राजनीतिक राजधानी कहे जाने वाले मेरठ में नवीन पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के साथ माधव कुंज में समन्वय संवाद करने का भी कार्यक्रम है। कुल 71 विधानसभा सीटों वाले इस पश्चिमी क्षेत्र में पार्टी के सामने गुर्जर समीकरणों में हलचल समेत कई सियासी चुनौतियां हैं, जिन्हें साधने के लिए यह दौरा अहम साबित होगा।

रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त जोश

अवध और कानपुर क्षेत्र की कमान बीएल संतोष के हाथ

दूसरी ओर, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष 82 विधानसभा सीटों वाले अवध क्षेत्र और 52 सीटों वाले कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ परिचय बैठक करेंगे। बैठकों के दौरान एनडीए के सहयोगियों द्वारा दावा की जा रही सीटों की सामाजिक परिस्थितियों और चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही, संत रविदास जयंती के अवसर पर 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक चलने वाले छह महीने के 'समरसता संकल्प अभियान', अगस्त के 'तिरंगा अभियान' और आगामी 'सेवा संकल्प माह' की अब तक की उपलब्धियों और तैयारियों की भी गहन समीक्षा की जाएगी।

Location :  Lucknow

Published :  9 September 2026, 8:28 AM IST