चुनावों से ठीक पहले BJP ने जारी की राज्यों के नए प्रभारियों की लिस्ट, यूपी में विनोद तावड़े तो छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी को कमान

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की सूची जारी कर दी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 23 September 2026, 3:29 PM IST

New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की एक नई लिस्ट जारी की। पार्टी ने आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे चुनावी राज्यों के लिए भी नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

विनोद तावड़े को यूपी की जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए BJP ने विनोद तावड़े को राज्य प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है। यह नई टीम अब राज्य में संगठन और चुनाव से जुड़ी तैयारियों की देखरेख करेगी।

डॉ. सतीश पूनिया ने पंजाब की कमान संभाली

BJP ने डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब का राज्य प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि अलका गुर्जर को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है।

यह भी पढ़ें - “अयोध्या के विकास के नाम पर गरीबों के घर तोड़े गए…” अखिलेश यादव का BJP पर हमला, चुनाव आयोग को लेकर भी उठाए सवाल

बैजयंत 'जय' पांडा महाराष्ट्र के प्रभारी नियुक्त

BJP ने महाराष्ट्र की जिम्मेदारी बैजयंत 'जय' पांडा को सौंपी है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेत तनावड़े और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बिहार और छत्तीसगढ़ में भी बदलाव

हरीश द्विवेदी को बिहार का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में स्मृति ईरानी को प्रभारी नियुक्त किया गया है और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। BJP द्वारा की गई ये नियुक्तियां राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और आगामी चुनावों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

दिल्ली में विनय सहस्रबुद्धे ने संभाला प्रभार

डॉ. विनय सहस्रबुद्धे को दिल्ली का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शनाबेन जरदोश को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा भारती प्रवीण पवार को गोवा का प्रभारी नियुक्त किया गया है और अनिल एंटनी को सह-प्रभारी बनाया गया है।

झारखंड और कर्नाटक में भी नियुक्तियां

झारखंड में गजेंद्र पटेल को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी के तौर पर काम करेंगे। वहीं, कर्नाटक में हरीश द्विवेदी को प्रभारी और डॉ. कसम वेंकटेश्वरलू को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

यह भी पढ़ें - UP Rajya Sabha Election: BJP बदलेगी ज्यादातर चेहरे! इन 3 नेताओं को मिल सकता है फिर मौका, जातीय समीकरण पर नजर

लद्दाख, केरल और लक्षद्वीप के लिए प्रभारी नियुक्त

बीजेपी ने राजकुमार भाटिया को लद्दाख का प्रभारी नियुक्त किया है। केरल में एम. नागराजा को प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है और एम. वेंकटेशन को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। जॉर्ज कुरियन को लक्षद्वीप का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बीजेपी की ये नियुक्तियां ऐसे समय में हुई हैं जब कई राज्यों में चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। पार्टी ने संगठनात्मक ज़िम्मेदारियाँ सौंपी हैं और राज्यों की कमान नए प्रभारियों को दी है।

Location :  New Delhi

Published :  23 September 2026, 3:05 PM IST