Bihar Assembly Poll: बिहार में विधानसभा चुनाव का शंखनाद, जानिये वोटिंग से लेकर मतगणना की तिथि और चुनाव की खास बातें

आज चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान किया है। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त वोटिंग से लेकर मतगणना की तिथि और कुछ खास बातों पर भी चर्चा की।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 6 October 2025, 4:03 PM IST
google-preferred

New Delhi: चुनाव आयोग एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है। जिसमें बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान किया। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित की जाएगी। इस मौके पर चुनाव आयोग के अधिकारी चुनावी तारीखों से संबंधित सभी जरूरी जानकारी देंगे।

चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू

प्रेस कॉन्फ्रेंस को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के बारे में अहम जानकारी दी और आयोग की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "बिहार की पावन भूमि पर पांच वर्षों के बाद अब विधानसभा चुनाव का आगमन हो रहा है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और इसे अपनी जिम्मेदारी दो चरणों में निभानी होती है। पहला चरण है मतदाता सूची तैयार करना और दूसरा चरण है चुनाव कराना।"

बिहार में पांच साल बाद चुनाव की तैयारी

चुनाव आयुक्त ने एसआईआर पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि 24 जून 2025 से मतदाता सूची का शुद्धिकरण कार्य शुरू किया गया था। इसके बाद 1 अगस्त को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित की गई। जिसे सभी राजनीतिक दलों, नागरिकों और बूथ एजेंट्स को जारी किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि 1 अगस्त से लेकर 1 सितंबर तक दावों और आपत्तियों का समय रखा गया था, ताकि किसी भी मतदाता के अधिकारों का उल्लंघन न हो। इसके बाद 30 सितंबर को फाइनल मतदाता सूची जारी की गई।

इस बार इतने होंगे मतदान केंद्र

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के लिए चुनाव आयोग ने एक महत्वपूर्ण आंकड़ा साझा किया है। इस बार राज्य में 90,712 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 818 मतदाता होंगे, जो चुनावी प्रक्रिया को और भी व्यवस्थित बनाने में मदद करेगा। यह संख्या पिछले चुनावों के मुकाबले ज्यादा है।

फेक न्यूज के खिलाफ सख्त कार्रवाई

चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के संदर्भ में कुछ महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फेक न्यूज के खिलाफ फौरन कार्रवाई की जाएगी, ताकि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की भ्रांति या गलत सूचना न फैले। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी बूथों पर हिंसा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू की जाएगी, जिससे चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

बिहार चुनाव में 17 नए पहल

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आज बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के संदर्भ में महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार चुनाव में 17 नए पहल किए जा रहे हैं, जो न केवल चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएंगे, बल्कि मतदाताओं के लिए इसे और अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित भी बनाएंगे।

चुनाव की तारीखों का हुआ एलान

चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का औपचारिक एलान कर दिया है। इस बार राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। चुनाव परिणामों की घोषणा 14 नवंबर 2025 को की जाएगी।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 6 October 2025, 4:03 PM IST