पीसी में BJP पर जमकर बरसे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कई मुद्दों पर सरकार को घेरा, दिए ये बड़े बयान

लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा, पेपर लीक, बेटियों की सुरक्षा, नशे, जौहर विश्वविद्यालय और अर्थव्यवस्था समेत कई मुद्दों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी में एक ही संकट भाजपा है। साथ ही युवाओं, कलाकारों और भारतीय परंपराओं को लेकर अपनी पार्टी की प्राथमिकताएं गिनाईं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 August 2026, 2:41 PM IST

Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, बेटियों की सुरक्षा, जौहर विश्वविद्यालय, नशे की बिक्री और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में मौजूदा समस्याओं के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

‘BJP हटेगी तो सभी संकट दूर होंगे’

अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एक ही संकट है और वह भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के हटने के बाद प्रदेश की कई समस्याएं दूर हो जाएंगी। उन्होंने सरकार के विकास और अर्थव्यवस्था से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए।

अखिलेश ने कहा कि जो लोग उत्तर प्रदेश को विश्व गुरु बनाने और वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का दावा करते हैं, उन्हें सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं पर भी ध्यान देना चाहिए।

सरकारी स्कूलों और पेपर लीक को लेकर सवाल

सपा प्रमुख ने सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के 10 वर्षों में 26 हजार स्कूल बंद हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने NEET समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर युवाओं के सामने पैदा हो रही समस्याओं पर सरकार से जवाब मांगा।

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि जो लोग ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देते थे, उनके शासन में बेटियों के साथ कैसा व्यवहार हो रहा है, इस पर विचार करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्याय करने वालों की पूरी फौज तैयार है।

Gen Z और Gen Alpha को लेकर कही बड़ी बात

सपा अध्यक्ष ने युवाओं की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में Gen Z और Gen Alpha के लोग बड़ी संख्या में हैं। युवा बिना संकोच अपनी बात रखना चाहते हैं और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि उनकी बात सुनी जाए।

कलाकारों और भारतीय परंपराओं को सम्मान देने का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर उन कलाकारों को सम्मान दिया जाएगा, जो हिंदुस्तानियत की परंपराओं को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का सम्मान करना पार्टी की प्राथमिकता होगी।

जौहर विश्वविद्यालय और नशे के मुद्दे पर भी हमला

अखिलेश ने जौहर विश्वविद्यालय को लेकर भाजपा सरकार की नीयत पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को लेकर पहले दिन से ही सरकार की मंशा ठीक नहीं रही और आरोप लगाया कि उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने गांजे की बिक्री और बरामदगी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने दावा किया कि पहले गांजा गोरखपुर की तरफ पकड़ा जाता था, लेकिन 2017 के बाद लखनऊ में भी इसकी बरामदगी हो रही है।

एथेनॉल और ऑटोमोबाइल कंपनियों पर सवाल

एथेनॉल मिश्रण को लेकर भी सपा प्रमुख ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि एथेनॉल मिलाना इतना लाभदायक है तो ऑटोमोबाइल कंपनियों को इसके फायदे के बारे में विज्ञापन के जरिए जानकारी देनी चाहिए।

Location :  Lucknow

Published :  2 August 2026, 2:41 PM IST