
Akhilesh Yadav Birthday (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुज़फ्फरनगर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन सपा जिला कार्यालय में पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विधायक पंकज मलिक, पूर्व सांसद कादिर राणा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने केक काटकर और लड्डू वितरित कर अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण सपा शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल रहे। उन्होंने पार्टी कार्यालय के ऑफिस बॉय को साइकिल भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक उपहार नहीं है, बल्कि समाजवादी विचारधारा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के चुनाव चिन्ह "साइकिल" को आगे बढ़ाने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने की आवश्यकता है।
594 करोड़ की डील और एक्स गर्लफ्रेंड की माफी? जानिए इस्माइल साइबरी की वायरल कहानी का सच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पंकज मलिक ने कहा कि पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उत्साह के साथ अखिलेश यादव का जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी लगातार जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है और प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगला जन्मदिन अखिलेश यादव मुख्यमंत्री के रूप में मनाया जाएगा।
इस अवसर पर समाजवादी योजना सभा के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष फैज खान का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राकेश शर्मा, लोकेंद्र सिमर्थी, युधिष्ठिर पहलवान, साजिद हसन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने एकजुट होकर संगठन विस्तार और आगामी चुनाव की तैयारियों को तेज करने का आह्वान किया।
Location : Muzaffarnagar
Published : 1 July 2026, 3:15 PM IST