
जिलाधिकारी ने किया बी गैप बांध का निरीक्षण
महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को बी गैप बांध का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्पर संख्या 06 से लेकर 14 तक की स्थिति को देखा और मौके पर मौजूद अभियंताओं से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई द्वितीय राजीव कपिल ने बताया कि तटबंध को सुदृढ़ करने हेतु 1 मीटर लंबाई, चौड़ाई और ऊँचाई वाले सीमेंट और कंक्रीट के ब्लॉक लगाए जा रहे हैं।
यह कार्य भारत सरकार की विशेषज्ञ समिति द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। स्पर संख्या 14 पर टेट्रा फोर्ड का कार्य भी कराया जा रहा है, जिसे देखकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति में सभी संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क रहें और तटबंधों की निगरानी के लिए कर्मियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ के समय कोई भी कर्मचारी लापरवाही न बरते और सभी फील्ड में भ्रमणशील रहें ताकि समय रहते किसी भी खतरे से निपटा जा सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने तटबंधों पर स्थापित बाढ़ चौकियों को सक्रिय करने और आश्रय स्थलों को तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों के लिए सभी संसाधनों को तैयार रखें और कहीं भी शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, एसडीएम निचलौल नंद प्रकाश मौर्य, अधिशासी अभियंता सिंचाई द्वितीय राजीव कपिल सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी का यह दौरा बाढ़ से पूर्व तैयारियों की समीक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे समय रहते सभी जरूरी उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।
Location : Maharajganj
Published : 20 July 2025, 7:44 PM IST
Topics : Dam DM Flood Maharajganj order