हिंदी
आठवीं की छात्रा बनीं एक दिन की सीडीओ
Maharajganj: जिला प्रशासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत बालिकाओं को नेतृत्व क्षमता से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक अनूठा आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज की कक्षा 8 की छात्रा प्रतिज्ञा सिंह को एक दिन का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया।
सीडीओ की भूमिका निभाते हुए प्रतिज्ञा सिंह ने विकास भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान आम नागरिकों ने अपनी समस्याएँ व आवेदन प्रस्तुत किए। छात्रा ने गंभीरता से सभी शिकायतें सुनीं और तत्काल निस्तारण योग्य मामलों का समाधान कराया। जिन प्रकरणों में गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण की आवश्यकता थी, उनके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित सीडीओ अनुराज जैन समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्राओं में न केवल आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली की भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
एक दिन की सीडीओ बनीं प्रतिज्ञा सिंह ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए यादगार रही। उन्होंने सीखा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनके समाधान की दिशा में प्रयास करना कितना जरूरी है।
Location : Maharajganj
Published : 27 September 2025, 1:52 AM IST