हिंदी
तमिल-तेलुगु फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री अरुणा
New Delhi: चेन्नई के नीलांकरई इलाके में बुधवार सुबह बड़ा एक्शन देखने को मिला, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने तमिल-तेलुगु फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री अरुणा और उनके पति बिजनेसमैन मनमोहन गुप्ता के घर पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई कपालीश्वर नगर स्थित उनके आलीशान बंगले पर की गई, जहां ये कपल रहता है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, ईडी को एक शिकायत मिली थी, जिसमें मनमोहन गुप्ता की कंपनी पर गैरकानूनी तरीके से पैसों के ट्रांसफर का आरोप लगाया गया है। इस शिकायत के आधार पर ईडी की लगभग दस अधिकारियों की टीम तीन गाड़ियों में पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। ईडी की टीम को कुछ संदिग्ध दस्तावेज भी हाथ लगे हैं। अब एजेंसी यह जांच कर रही है कि कहीं इस धन का इस्तेमाल किसी अवैध गतिविधि में तो नहीं किया गया।
प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर वे मनमोहन गुप्ता के अन्य ठिकानों—जैसे उनके दूसरे घरों और दफ्तरों—पर भी छापा मार सकते हैं। फिलहाल, चेन्नई वाले घर पर ही कार्रवाई जारी है।
अभिनेत्री अरुणा तमिल और तेलुगु फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। वह निर्देशक भारतीराजा की मशहूर फिल्म 'कल्लुक्कुल ईरम' में लीड रोल निभा चुकी हैं। वहीं उनके पति मनमोहन गुप्ता, इंटीरियर डेकोरेशन से जुड़ी एक हाई-एंड कंपनी चलाते हैं जो खासतौर पर अमीर वर्ग के घरों को सजाने का काम करती है।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि मनमोहन गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज होगा या नहीं। अभी सभी दस्तावेजों और आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई की खबर फैलते ही नीलांकरई क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है। पड़ोसी और स्थानीय लोग मामले पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि अधिकारी किसी भी अटकलबाज़ी से बचने की अपील कर रहे हैं।
फिलहाल, यह मामला जांच के शुरुआती चरण में है। ईडी की पड़ताल जारी है और आने वाले समय में इससे जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
बिहार में महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, यहां रोकी गई ट्रेन; जगह-जगह थमा जनजीवन
Location : New Delhi
Published : 9 July 2025, 2:50 PM IST
No related posts found.