Weather Update: दिल्ली में सुबह बारिश से एक बार फिर बढ़ी ठंड, इन राज्यों में भी कोल्ड डे की चेतावनी

उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होते ही मौसम बदलेगा। IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, यूपी और राजस्थान में बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि संभव है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी बढ़ेगी।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 1 February 2026, 8:36 AM IST

New Delhi: उत्तर भारत में जारी ठंड के बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसका असर मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज यानी 1 फरवरी से कई राज्यों में ठंडी हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम में साफ बदलाव महसूस किया जाएगा। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा, जिससे ठंडी हवाएं चलेंगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। IMD के अनुसार दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद ठंड और ज्यादा तेज होने के आसार हैं।

राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आज जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश में फिर बदला मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। IMD के ताजा अनुमान के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में आज बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड क्षेत्र में झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

Weather Update 2026: दिल्ली का मौसम रहेगा राहत भरा, जानिए गणतंत्र दिवस का पूरा वेदर अपडेट

यूपी के इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक आज यूपी के बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर शामिल हैं।
इसके अलावा अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी के आसपास के इलाकों में भी बारिश हो सकती है।

पूर्वी यूपी में कोल्ड डे की चेतावनी

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आज भी कड़ाके की ठंड यानी कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर और श्रावस्ती जैसे तराई क्षेत्रों में दिन के तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है।

बिहार में कोहरे से परेशानी

बिहार में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर सीमित रहेगा, लेकिन ठंड और कोहरे से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार सुबह और रात के समय राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

Weather Update: बूंदाबांदी और बादलों से बढ़ी ठंड, क्या एक बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश, ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण स्वास्थ्य और यातायात दोनों पर असर पड़ सकता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 1 February 2026, 8:36 AM IST