
वीडियो विवाद के बाद एक्शन में बंगाल सरकार (Img: X)
Kolkata: पश्चिम बंगाल कैडर की 2021-बैच की IPS अधिकारी बुशरा बानो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो की वजह से चर्चा में हैं। वीडियो सामने आने के बाद हुए विवाद के बीच प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें खड़गपुर के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) के पद से हटा दिया गया है। हालांकि, सरकार के ट्रांसफर ऑर्डर में इस बदलाव की वजह वीडियो से जुड़े विवाद को नहीं बताया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुशरा बानो ने 13 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में उन्होंने UPSC परीक्षा की तैयारी और अपनी सफलता के सफर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) की रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी के योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने वीडियो की शुरुआत "अस्सलाम-अलैकुम" से की और बातचीत के दौरान "इंशाअल्लाह" शब्द का इस्तेमाल किया। वीडियो के आखिर में उन्होंने "जजाकल्लाह" कहा।
यह भी पढ़ें - Kolkata RG Kar Case: आरजी कर केस में फिर खुली पुरानी फाइल! पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कुछ यूजर्स ने बुशरा बानो के बात करने के तरीके पर सवाल उठाए। कुछ लोगों का तर्क था कि सरकारी पद पर बैठे अधिकारी को सार्वजनिक बातचीत में राष्ट्रीय प्रतीकों और शब्दावली को प्राथमिकता देनी चाहिए। वहीं, दूसरे यूजर्स ने इसे व्यक्तिगत अभिव्यक्ति का मामला माना और धार्मिक शब्दों के इस्तेमाल के लिए अधिकारी की आलोचना का विरोध किया।
'हिंदू लीगल फंड' नाम के एक X अकाउंट ने दावा किया कि उसने इस मामले में पश्चिम बंगाल के गृह सचिव के पास शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सार्वजनिक बातचीत के दौरान सरकारी अधिकारियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए। विवाद के बीच राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बुशरा बानो को खड़गपुर ASP के पद से हटाकर स्टेट आर्म्ड पुलिस का डिप्टी कमांडेंट नियुक्त किया। हालांकि, आधिकारिक आदेश में इस कदम को सोशल मीडिया वीडियो से नहीं जोड़ा गया।
यह भी पढ़ें - Kolkata News: CBI को बड़ी सफलता, 2021 चुनावी हिंसा के बाद से फरार 50 हजारी इनामी गोपाल दास गिरफ्तार
ट्रांसफर ऑर्डर के तहत पार्थ घोष को खड़गपुर का नया एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस नियुक्त किया गया है। वहीं, सुभेंदु मंडल को चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों, दोनों जगह चर्चा का विषय बना हुआ है।
Location : Kolkata
Published : 17 September 2026, 1:01 PM IST