Site icon Hindi Dynamite News

Weather Update: गर्मी से तप रही दिल्ली; उत्तर प्रदेश में मूसलधार बारिश का अलर्ट, जानें अपने जिले के मौसम का हाल

भारत में मॉनसून की तेज सक्रियता के चलते कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 जुलाई 2025 को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु सहित कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वही नई दिल्ली और अन्य राज्यों में मानसून की स्थिति और मौसम के बारे में मौसम विभाग ने जानकारी दी है, जिसमें दिल्ली में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
Post Published By: Sapna Srivastava
Published:
Weather Update: गर्मी से तप रही दिल्ली; उत्तर प्रदेश में मूसलधार बारिश का अलर्ट, जानें अपने जिले के मौसम का हाल

New Delhi: नई दिल्ली में इस समय गर्मी अपने चरम पर है और आने वाले दिनों में पारा और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। यह तापमान गर्मी के मौसम के अनुसार सामान्य है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं होने के कारण उमस और भी बढ़ सकती है।

दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर बना रहेगा, हालांकि तापमान में हल्की गिरावट भी आ सकती है। सोमवार को 33.7 डिग्री और मंगलवार को 33.4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान का अनुमान है। बुधवार को फिर से तापमान में वृद्धि हो सकती है, जो 36.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

दिल्ली में बारिश के कोई खास आसार नहीं हैं, हालांकि, हल्की बूंदाबांदी और बादल आने का अनुमान है। इस बीच दिल्ली में उमस की स्थिति बनी रहेगी। जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून के तेजी से सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव आ सकता है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वज्रपात के साथ तेज बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, शाहजहांपुर, बरेली, संभल और कई अन्य जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की भी संभावना है, जिससे नदियों के किनारे बसे इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं दिल्ली और नोएडा में भी बादल और हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन यह ज्यादा राहत नहीं देगी।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट (सोर्स-गूगल)

बिहार और अन्य राज्यों में भारी बारिश का खतरा

बिहार में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, खासकर पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर और अन्य जिलों में वज्रपात और आंधी की संभावना है। इसके अलावा, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में 20-24 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

दक्षिण भारत में भारी वर्षा की संभावना

दक्षिण भारत के राज्यों, खासकर केरल और कर्नाटक में भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 20 से 25 जुलाई के बीच केरल, माहे, तटीय और दक्षिण कर्नाटक में बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके अलावा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।

उत्तर-पूर्व भारत में मौसम का असर

उत्तर-पूर्व भारत में 20-21 जुलाई के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी मौसम के बदलाव की संभावना है, जिससे कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

Exit mobile version